जहाजों को निशाना बनाना बंद करो... होर्मुज में ईरानी हमले में भारतीय की मौत पर भड़का भारत, कही ये बात

होर्मुज जलडमरूमध्य में वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं पर भारत ने कड़ा रुख अपनाया है. विदेश मंत्रालय ने इन हमलों को अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों की सुरक्षा और नाविकों की जान के लिए गंभीर खतरा बताया है.

india-condemns-hormuz-ship-iran attacks-amid-rising-tensions
Image Source: Social Media

नई दिल्ली: होर्मुज जलडमरूमध्य में वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं पर भारत ने कड़ा रुख अपनाया है. विदेश मंत्रालय ने इन हमलों को अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों की सुरक्षा और नाविकों की जान के लिए गंभीर खतरा बताया है. मंगलवार (14 जुलाई) को भारत ने नई दिल्ली में ईरानी दूतावास के डिप्टी चीफ ऑफ मिशन को तलब कर अपनी चिंता और विरोध दर्ज कराया. भारत ने कहा कि ऐसे हमले समुद्री आवाजाही की स्वतंत्रता को प्रभावित करते हैं और इन्हें किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता.

मिसाइल हमलों में भारतीय नाविक की मौत

विदेश मंत्रालय ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे UAE के झंडे वाले दो जहाजों ‘MT अल बहिया’ और ‘MT मोम्बासा’ पर हुए मिसाइल हमलों को लेकर गहरी चिंता जताई है. इन हमलों में एक भारतीय नाविक की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं. दोनों जहाजों पर मौजूद कुल 46 क्रू सदस्यों में 30 भारतीय नागरिक शामिल थे. भारत ने इस घटना को नाविकों की सुरक्षा और वैश्विक समुद्री व्यापार के लिए गंभीर चुनौती बताया है.

बढ़ते तनाव के बीच भारत की शांति की अपील

भारत ने पश्चिम एशिया में लगातार बढ़ रही हिंसा और तनाव को लेकर भी चिंता व्यक्त की है. विदेश मंत्रालय ने सभी पक्षों से संयम बरतने और क्षेत्र में शांति व स्थिरता बनाए रखने के लिए तत्काल हिंसक गतिविधियों को रोकने की अपील की है. भारत ने बातचीत और कूटनीति के माध्यम से विवादों का समाधान निकालने पर जोर दिया है, ताकि अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों पर सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित की जा सके.

विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?

विदेश मंत्रालय ने बयान में कहा कि इस इलाके में कमर्शियल शिपिंग और आम लोगों के लिए जरूरी बुनियादी ढांचों पर हमले बंद होने चाहिए, ताकि अंतरराष्ट्रीय कानूनों के मुताबिक जलमार्गों से बिना रुकावट के आवाजाही और व्यापार को जल्द से जल्द फिर से शुरू किया जा सके. मंत्रालय के अनुसार 'MT अल बहिया' जहाज पर सवार 12 भारतीय नागरिकों में से 1 की मौत हो गई और 1 अन्य घायल हो गया. MT मोम्बासा पर सवार 18 भारतीयों में से 9 घायल हुए, जिनमें से 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है.

स्थिति पर बारीकी से नजर

मंत्रालय ने कहा कि UAE में भारत का मिशन स्थिति पर बारीकी से नजर बनाए हुए है और प्रभावित भारतीय क्रू सदस्यों को हर संभव मदद दिलाने के लिए UAE के अधिकारियों के संपर्क में है. भारत ने यह भी कहा कि मंगलवार सुबह नई दिल्ली में ईरानी दूतावास के डिप्टी चीफ ऑफ मिशन को तलब किया गया और हमलों को लेकर उनके सामने कड़ा विरोध दर्ज कराया गया है. 

ये भी पढ़ें: शी जिनपिंग की पूजा न करने पर हजारों ईसाई गिरफ्तार! चीन में धार्मिक आजादी पर उठे सवाल, कैसे हुआ खुलासा?