IND vs WI: भारत और वेस्टइंडीज की टीमें एक बार फिर आमने-सामने होंगी, इस बार टेस्ट क्रिकेट के मैदान पर. दो मैचों की इस टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 2 अक्टूबर से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. सुबह 9:30 बजे शुरू होने वाले इस मैच को लेकर फैंस और एक्सपर्ट्स दोनों की निगाहें टिकी हुई हैं.
इस टेस्ट का महत्व सिर्फ जीत और हार से ज्यादा है. भारत वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) की रेस में बने रहने के लिए हर मैच को पूरी गंभीरता से ले रहा है. पिछली इंग्लैंड सीरीज़ ड्रॉ हो जाने के कारण भारत अब तीसरे पायदान पर है, और इंग्लैंड महज एक अंक पीछे है. ऐसे में हर पॉइंट की कीमत बढ़ गई है. टीम इंडिया को घरेलू मैदान पर चार टेस्ट खेलने हैं, और लक्ष्य है सभी में जीत हासिल करना.
पिच और मौसम का मिजाज
पिच की बात करें तो अहमदाबाद की पिच इस बार हरी-भरी नज़र आ रही है, जिससे तेज़ गेंदबाज़ों को मदद मिल सकती है. मौसम उमस भरा रहने की संभावना है और हल्की बारिश की आशंका भी जताई गई है. इन दोनों फैक्टर्स को देखते हुए भारत प्लेइंग इलेवन में कुछ चौंकाने वाले नाम शामिल कर सकता है.
भारत की टीम और संभावित रणनीति
भारत की टीम इस बार कुछ दिग्गजों के बिना खेल रही है. विराट कोहली, रोहित शर्मा, रविचंद्रन अश्विन और मोहम्मद शमी जैसे स्टार खिलाड़ी अनुपस्थित हैं. ऐसे में नए चेहरों को खुद को साबित करने का मौका मिला है. कप्तान शुभमन गिल की अगुआई में भारत की नजर संतुलित संयोजन पर होगी.
रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव स्पिन डिपार्टमेंट की कमान संभालेंगे. वॉशिंगटन सुंदर और अक्षर पटेल ऑलराउंड विकल्प के तौर पर मौजूद हैं. नीतीश रेड्डी या देवदत्त पडिक्कल जैसे युवा खिलाड़ी डेब्यू कर सकते हैं. शुभमन गिल, केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल की बल्लेबाज़ी पर बड़ी ज़िम्मेदारी होगी.
वेस्टइंडीज के सामने चुनौतियों का पहाड़
वेस्टइंडीज की टीम हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शर्मनाक प्रदर्शन कर चुकी है, एक टेस्ट में सिर्फ 27 रन पर ऑलआउट होने के बाद टीम का आत्मविश्वास हिला हुआ है. टीम को चोटों ने भी परेशान कर रखा है, इसकी वजह से तेज गेंदबाज़ शामार जोसेफ और अलजारी जोसेफ टीम से बाहर हैं. अब तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी जेडेन सील्स पर है, जबकि स्पिन में जोमेल वारिकन ही एकमात्र अनुभवी नाम हैं. बल्लेबाजी में तेजनारायण चंद्रपॉल और एलिक अथानाजे पर बड़ी भूमिका होगी. कप्तान रोस्टन चेस और शाई होप से भी रन बनाने की उम्मीद होगी.
अब तक का इतिहास: किसका पलड़ा भारी?
अब तक दोनों टीमें 100 टेस्ट मैचों में आमने-सामने आ चुकी हैं. वेस्टइंडीज ने इनमें से 30 जीते हैं, जबकि भारत ने 23. बाकी 47 टेस्ट ड्रॉ रहे हैं. हालांकि, यह भी याद रखना जरूरी है कि वेस्टइंडीज ने 2002 के बाद से भारत के खिलाफ कोई भी टेस्ट सीरीज नहीं जीती है.
भारत और वेस्टइंडीज की स्क्वॉड्स
भारत की टीम:
शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, ध्रुव जुरेल, एन जगदीशन, देवदत्त पडिक्कल, बी साई सुदर्शन, रवींद्र जडेजा, नीतीश रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा
वेस्टइंडीज की टीम:
रोस्टन चेस (कप्तान), तेजनारायण चंद्रपॉल, एलिक अथानाजे, जॉन कैंपबेल, शाई होप, टेविन इमलाच, ब्रेंडन किंग, जस्टिन ग्रीव्स, जोहान लेन, खारी पियरे, जोमेल वारिकन, जेडेन सील्स, एंडरसन फिलिप, जेडिया ब्लेड्स
यह भी पढ़ें- दिवाली से पहले केंद्रीय कर्मचारियों को सरकार का बड़ा तोहफा, DA में 3% की बढ़ोतरी की मंजूरी दी