IND vs SL, 2nd Test: श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के पहले दिन भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा. विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत कलाई में चोट लगने के बाद मैदान से बाहर चले गए.
यह घटना भारतीय पारी के 58वें ओवर में हुई. श्रीलंका के तेज गेंदबाज लाहिरू कुमारा गेंदबाजी कर रहे थे. उन्होंने शॉर्ट गेंद फेंकी, जिस पर पंत ने पुल शॉट खेलने की कोशिश की. गेंद उनके ग्लव से टकराकर सीधे कलाई पर लगी.
गेंद लगते ही पंत को काफी दर्द महसूस हुआ. भारतीय टीम के फिजियो तुरंत मैदान पर पहुंचे और उनकी कलाई पर आइस पैक लगाया. कुछ देर तक मैदान पर ही पंत का इलाज किया गया, लेकिन दर्द कम नहीं हुआ.
Rishabh Pant walks off after sustaining a wrist injury. 💔
— Delhi Capitals (@DelhiCapitals) August 23, 2026
Hoping he comes back strong, just like the last time. IYKYK 😮💨 pic.twitter.com/NcTOuOer60
इलाज के बाद भी मैदान छोड़ना पड़ा
पंत की चोट की जांच काफी देर तक चलती रही. उनकी कलाई पर कुछ समय के लिए टेप भी लगाया गया, लेकिन बाद में उसे हटा दिया गया. दर्द कम नहीं होने और अंपायरों से बातचीत के बाद पंत को मैदान से बाहर जाने का फैसला करना पड़ा. वह 15 गेंदों में 3 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए. पंत के बाहर जाने के बाद रवींद्र जडेजा बल्लेबाजी के लिए आए. उन्होंने देवदत्त पडिक्कल के साथ भारतीय पारी को आगे बढ़ाया.
क्या दोबारा बल्लेबाजी करेंगे पंत?
फिलहाल यह साफ नहीं है कि ऋषभ पंत दोबारा बल्लेबाजी के लिए मैदान पर आएंगे या नहीं. भारतीय टीम मैनेजमेंट की ओर से उनकी चोट को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है.
मैदान से बाहर जाने के बाद पंत डगआउट में बैठे रहे. टीम के डॉक्टर चार्ल्स मिंज ने उनकी कलाई की जांच की. विकेटकीपर ध्रुव जुरेल भी पंत की चोट को देखते नजर आए. अब सभी की नजर इस बात पर है कि पंत की चोट कितनी गंभीर है और क्या वह मैच में आगे हिस्सा ले पाएंगे.
पहले भी चोट के बाद की थी शानदार वापसी
ऋषभ पंत के लिए चोट के कारण मैदान से बाहर जाना कोई नया अनुभव नहीं है. पिछले साल मैनचेस्टर टेस्ट में क्रिस वोक्स की गेंद पर उनके दाहिने पैर में चोट लगी थी. इसके बावजूद उन्होंने मैदान पर वापसी की और शानदार अर्धशतक लगाया था. ऐसे में भारतीय फैंस को उम्मीद होगी कि इस बार भी पंत जल्दी ठीक होकर मैदान पर वापसी करेंगे.
भारत मजबूत स्थिति में
दूसरे टेस्ट के पहले दिन भारत ने शानदार बल्लेबाजी की है. खबर लिखे जाने तक भारतीय टीम ने 67 ओवर में 3 विकेट खोकर 235 रन बना लिए थे. कप्तान शुभमन गिल 50 रन बनाकर आउट हो चुके हैं. वहीं देवदत्त पडिक्कल 87 रन बनाकर शतक के करीब पहुंच गए हैं. उनके साथ रवींद्र जडेजा 19 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं.
भारत के पास अभी 7 विकेट बाकी हैं और टीम मजबूत स्कोर की तरफ बढ़ती दिखाई दे रही है. हालांकि अब सबकी नजर ऋषभ पंत की चोट और उनकी संभावित वापसी पर टिकी हुई है.
ये भी पढ़ें- 'जनता सपा को हमेशा के लिए साफ कर देगी... योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना, जानें क्या कहा