IND vs ENG: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल क्रिकेट फैंस के लिए बेहद अहम मुकाबला होने जा रहा है, जहां टीम इंडिया और इंग्लैंड आमने-सामने होंगी. यह हाई-वोल्टेज मैच गुरुवार, 5 मार्च को वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा.
टीम इंडिया के पास लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंचने का शानदार मौका है, लेकिन मुकाबले से पहले मौसम को लेकर अनिश्चितता ने फैंस की चिंता बढ़ा दी है. सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर बारिश मैच में खलल डालती है, तो फाइनल का टिकट किसे मिलेगा?
सेमीफाइनल के लिए रिजर्व डे का नियम
नॉकआउट मुकाबलों को ध्यान में रखते हुए टूर्नामेंट में रिजर्व डे का प्रावधान रखा गया है. भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाले इस सेमीफाइनल के लिए भी 6 मार्च को रिजर्व डे तय किया गया है.
अगर 5 मार्च को लगातार बारिश होती है और मैच शुरू ही नहीं हो पाता, तो मुकाबला अगले दिन खेला जाएगा. वहीं, अगर मैच शुरू होने के बाद बारिश आ जाती है और खेल पूरा नहीं हो पाता, तो मैच रिजर्व डे पर वहीं से शुरू होगा, जहां पर रुका था.
अगर दोनों दिन बारिश हुई तो क्या होगा?
सबसे अहम स्थिति तब बनती है जब बारिश दोनों दिन खेल को प्रभावित कर दे और एक भी गेंद न फेंकी जा सके. ऐसे में मुकाबले का फैसला मैदान पर नहीं, बल्कि टीमों के पिछले प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा. इस स्थिति में सुपर-8 राउंड में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीम को सीधे फाइनल में जगह दी जाएगी.
किसे मिलेगा फायदा?
अगर मैच पूरी तरह धुल जाता है, तो इसका फायदा इंग्लैंड को मिलेगा. इंग्लैंड ने सुपर-8 चरण में अपने तीनों मुकाबले जीतकर शानदार प्रदर्शन किया था और पॉइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान हासिल किया था. दूसरी ओर, टीम इंडिया ने सुपर-8 में तीन में से दो मैच जीते थे और दूसरे स्थान पर रहते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई थी. यानी साफ शब्दों में कहें तो अगर बारिश के कारण मुकाबला नहीं हो पाता, तो इंग्लैंड फाइनल में पहुंच जाएगा और भारत का सफर यहीं समाप्त हो जाएगा.
ये भी पढ़ें- श्रीलंका तट के पास ईरानी जहाज पर सबमरीन अटैक, 100 से ज्यादा लापता, 78 घायल