IND vs ENG: लॉर्ड्स में जीत के साथ ही इंग्लैंड को 2-1 से बढ़त हासिल हो गई है. भारतीय टीम की नजर 23 जुलाई से मैनचेस्टर में शुरु होने वाले चौथे टेस्ट मुकाबले पर टिकी है. कप्तान शुभमन गिल किसी भी परिस्थिति में इस मुकाबले को जीतने की कोशिश करेंगे, क्योंकि अगर इंग्लैंड चौथा टेस्ट भी जीत जाता है तो ये सीरीज भारत के हाथों से निकल जाएगा. इस बीच भारतीय टीम के लिए एक राहत की खबर सामने आई है. दरअसल, लॉर्ड्स में मोहम्मद सिराज को आउट करके मैच जितवाने वाले शोएब बशीर को मैनचेस्टर टेस्ट में फील्ड से बाहर बैठना होगा. लॉर्ड्स टेस्ट के दौरान रविंद्र जडेजा के एक शॉट पर रोकने के समय शोएब की उंगली फ्रैक्चर हो गई थी. इसी कारण उन्हें 23 जुलाई से शुरु होने वाले टेस्ट मैच से बाहर कर दिया है. उनकी जगह लियाम डॉसन को टीम में शामिल किया जाएगा. गौरतलब है कि पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में दो जीत के साथ ही बढ़त बनाए हुए है.
कौन हैं लियाम डाउसन?
क्रिकेट की दुनिया में कुछ खिलाड़ी ऐसे होते हैं जो ज़्यादा सुर्खियों में नहीं रहते, लेकिन जब भी उन्हें मौका मिलता है, वो खुद को साबित कर जाते हैं. इंग्लैंड के एक 35 वर्षीय ऑलराउंड लियाम डाउसन एक ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने कम लेकिन यादगार प्रदर्शन किया. डाउसन ने टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू दिसंबर 2016 में भारत के खिलाफ चेन्नई में किया था. यह वही मैच था जिसमें करुण नायर ने ऐतिहासिक 303 नॉट आउट की पारी खेली थी. इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले में लियाम ने 29.4 ओवर में 153 रन देकर रवींद्र जडेजा का विकेट लिया. अपने 3 टेस्ट मैचों में 7 विकेट लेने वाले डाउसन का आखिरी टेस्ट जुलाई 2017 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ नॉटिंघम में हुआ था. वनडे की बात करें तो उन्होंने 6 मुकाबलों में 5 विकेट, जबकि टी20 इंटरनेशनल में 14 मैचों में 11 विकेट लिए हैं. भले ही लियाम डाउसन इंग्लैंड के नियमित सदस्य नहीं रहे, लेकिन जब भी टीम को ज़रूरत पड़ी, उन्होंने गेंद से संतुलन बनाए रखा. क्रिकेट में वो एक ऐसा नाम हैं जो शोर नहीं करता, लेकिन काम बोलता है.
मैनचेस्टर के मैदान पर टीम इंडिया का खराब इतिहास
मैनचेस्टर के मैदान पर भारत और इंग्लैंड के बीच अब तक कुल 9 टेस्ट मैच खेले गए हैं, जिसमें भारत का रिकॉर्ड कुछ खास नहीं रहा. भारत को मैनचेस्टर में अब तक 1 भी जीत नहीं मिली है, जबकि इंग्लैंड ने 4 मैच जीते हैं. बाकी 5 मुकाबले ड्रॉ पर समाप्त हुए. यह आंकड़े बताते हैं कि मैनचेस्टर की पिच और परिस्थितियां इंग्लिश गेंदबाज़ों को ज़्यादा रास आती हैं. यहां आखिरी बार भारत ने 2021 में खेलना था, लेकिन वह टेस्ट मुकाबला COVID-19 के कारण रद्द हो गया था. इससे पहले 2014 में खेले गए टेस्ट में भारत को पारी और 54 रनों से हार झेलनी पड़ी थी. ओल्ड ट्रैफर्ड की पिच आमतौर पर सीमर फ्रेंडली होती है, खासकर शुरुआती दिनों में, लेकिन जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ता है, स्पिनरों को भी मदद मिलती है. भारत के लिए मैनचेस्टर अब तक चुनौतीपूर्ण मैदान रहा है, लेकिन बदलते समय के साथ उम्मीद है कि टीम इंडिया इस रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ने में सफल होगी.
चौथे टेस्ट के लिए दोनों देशों की संभावित टीमें
भारत की संभावित टीम: शुभमन गिल (कप्तान),यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, अभिमन्यु ईश्वरन, करुण नायर, नितीश कुमार रेड्डी, रिषभ पंत (उपकप्तान और विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव
इंग्लैंड की संभावित टीम: बेन स्टोक्स (कप्तान), जो रूट, ओली पोप, हैरी ब्रूक, ज़ैक क्रॉली, बेन डकेट, जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, जोश टंग, क्रिस वोक्स, ब्रायडन कार्स, जैकब बेथेल, लियाम डॉसन (शोएब बशीर की जगह)
ये भी पढ़ें- भारत को अमेरिका से मिला दूसरा GE-404 इंजन, तेजस LCA मार्क-1A में लगाया जाएगा, बढ़ेंगी वायुसेना की ताकत