सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे 10वीं पास युवाओं के लिए आयकर विभाग ने भर्ती का अवसर निकाला है. आयकर विभाग के मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ क्षेत्र में कैंटीन परिचारक के 7 पदों पर नियुक्ति की जाएगी. आवेदन की प्रक्रिया 11 अगस्त 2026 से शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार 31 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. इस भर्ती की खास बात यह है कि उम्मीदवारों को आवेदन के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा.
उम्र और योग्यता की शर्तें क्या हैं?
कैंटीन परिचारक पद के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं कक्षा पास होना जरूरी है. आवेदक भारतीय नागरिक होना चाहिए और 31 अगस्त 2026 तक उसकी उम्र 18 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए. आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी. OBC उम्मीदवारों को अधिकतम 3 वर्ष, जबकि SC और ST वर्ग के अभ्यर्थियों को 5 वर्ष की छूट दी जाएगी. दिव्यांग, पूर्व सैनिक और पात्र केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों को भी नियमानुसार अतिरिक्त छूट का लाभ मिलेगा.
280 उम्मीदवार देंगे लिखित परीक्षा
विभाग 10वीं कक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर 280 उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट करेगा. यानी प्रत्येक पद के लिए 40 उम्मीदवारों को परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा. लिखित परीक्षा में 40 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे और प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा. प्रश्नपत्र में अंग्रेजी समझ, हिंदी, भोजन एवं पोषण, गणित और स्वच्छता से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे. गलत उत्तर देने पर 0.25 अंक की नेगेटिव मार्किंग होगी. परीक्षा का आयोजन भोपाल में किया जाएगा.
स्किल टेस्ट के बाद होगा अंतिम चयन
लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को 60 अंकों की स्किल परीक्षा से गुजरना होगा. इस चरण में उम्मीदवार की भोजन और पेय पदार्थ तैयार करने, खाद्य सामग्री को सही तरीके से संभालने, खाना परोसने और स्वच्छता बनाए रखने की व्यावहारिक क्षमता परखी जाएगी. इसके बाद दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होगी. चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति दो साल की प्रोबेशन अवधि पर होगी.
₹18 हजार से ₹56,900 तक मिलेगी सैलरी
कैंटीन परिचारक का पद ग्रुप-सी, गैर-राजपत्रित और गैर-मंत्रालयी श्रेणी में आता है. चयनित उम्मीदवारों को 7वें वेतन आयोग के पे लेवल-1 के तहत ₹18,000 से ₹56,900 तक मासिक वेतन दिया जाएगा. इसके अलावा महंगाई भत्ता, मकान किराया भत्ता, यात्रा भत्ता और केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए लागू अन्य सुविधाओं का लाभ भी मिल सकता है. ऐसे में 10वीं पास उम्मीदवारों के लिए यह भर्ती सरकारी नौकरी में प्रवेश का एक अच्छा अवसर साबित हो सकती है.
ये भी पढ़ें: आयकर विभाग में 10वीं पास के लिए बंपर भर्ती, बिना फीस पाएं सरकारी नौकरी, जानें पूरी डिटेल