आयकर विभाग में 10वीं पास के लिए बंपर भर्ती, बिना फीस पाएं सरकारी नौकरी, जानें पूरी डिटेल

Income Tax Department Recruitment 2026: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे 10वीं पास युवाओं के लिए अच्छी खबर है. आयकर विभाग ने कैंटीन परिचारक के पदों पर भर्ती निकाली है. यह भर्ती विभाग के मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ क्षेत्र के लिए की जा रही है.

Jobs in the Income Tax Department for 10th-pass candidates salary up to ₹56,900
Image Source: Freepik

Income Tax Department Recruitment 2026: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे 10वीं पास युवाओं के लिए अच्छी खबर है. आयकर विभाग ने कैंटीन परिचारक के पदों पर भर्ती निकाली है. यह भर्ती विभाग के मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ क्षेत्र के लिए की जा रही है. इस भर्ती के तहत कुल 7 पदों को भरा जाएगा. आवेदन की प्रक्रिया 11 अगस्त 2026 से शुरू हो चुकी है. इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 31 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. 

खास बात यह है कि इस भर्ती के लिए उम्मीदवारों को कोई आवेदन शुल्क नहीं देना होगा. चयनित उम्मीदवारों को 7वें वेतन आयोग के पे लेवल-1 के तहत नियुक्त किया जाएगा. इस पद पर 18,000 रुपये से लेकर 56,900 रुपये तक की सैलरी मिल सकती है. उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा और स्किल टेस्ट के आधार पर होगा.

10वीं पास उम्मीदवार कर सकते हैं आवेदन

कैंटीन परिचारक के पद के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना जरूरी है. आवेदन करने वाला भारतीय नागरिक होना चाहिए. उम्र की बात करें तो 31 अगस्त 2026 को उम्मीदवार की उम्र कम से कम 18 साल और अधिकतम 25 साल होनी चाहिए. 

आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी. OBC उम्मीदवारों को अधिकतम उम्र में 3 साल और SC/ST उम्मीदवारों को 5 साल की छूट मिलेगी. दिव्यांग, पूर्व सैनिक और पात्र केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों को भी नियम के अनुसार आयु में राहत दी जाएगी.

7 पदों के लिए 280 उम्मीदवार होंगे शॉर्टलिस्ट

इस भर्ती में सबसे पहले 10वीं कक्षा में मिले अंकों के आधार पर उम्मीदवारों की शॉर्टलिस्टिंग होगी. कुल 280 उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा. यानी हर एक पद के लिए 40 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हो सकेंगे.

लिखित परीक्षा में 40 सवाल होंगे और हर सवाल एक अंक का होगा. परीक्षा में अंग्रेजी समझ, हिंदी, भोजन एवं पोषण, गणित और स्वच्छता से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे. परीक्षा में गलत उत्तर देने पर नेगेटिव मार्किंग भी होगी. प्रत्येक गलत जवाब के लिए 0.25 अंक काटे जाएंगे. लिखित परीक्षा भोपाल में आयोजित की जाएगी.

लिखित परीक्षा के बाद होगा स्किल टेस्ट

लिखित परीक्षा में सफल रहने वाले उम्मीदवारों को अगली प्रक्रिया में स्किल टेस्ट देना होगा. यह परीक्षा कुल 60 अंकों की होगी. स्किल टेस्ट में उम्मीदवार की खाना बनाने और भोजन से जुड़े काम करने की क्षमता देखी जाएगी. इसमें खाना और पेय पदार्थ तैयार करना, भोजन को सही तरीके से संभालना और परोसना शामिल होगा. इसके अलावा साफ-सफाई और हाइजीन का भी ध्यान रखा जाएगा.

स्किल टेस्ट में सफल उम्मीदवारों के दस्तावेजों की जांच की जाएगी. सभी प्रक्रिया पूरी होने के बाद योग्य उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा. नियुक्ति के बाद उम्मीदवार की प्रोबेशन अवधि दो साल की होगी.

56,900 रुपये तक मिलेगी सैलरी

कैंटीन परिचारक का पद ग्रुप-C, गैर-राजपत्रित और गैर-मंत्रालयी श्रेणी में आता है. चयनित उम्मीदवारों को 7वें वेतन आयोग के पे लेवल-1 के अनुसार वेतन मिलेगा. इस पद पर शुरुआती सैलरी 18,000 रुपये होगी, जबकि वेतनमान 56,900 रुपये तक जा सकता है. इसके अलावा कर्मचारियों को महंगाई भत्ता, मकान किराया भत्ता, यात्रा भत्ता और केंद्र सरकार के कर्मचारियों को मिलने वाले अन्य लागू लाभ भी दिए जाएंगे.

10वीं पास युवाओं के लिए यह सरकारी नौकरी पाने का अच्छा मौका है. इच्छुक उम्मीदवार आवेदन की आखिरी तारीख 31 अगस्त 2026 से पहले अपनी पात्रता और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी जांचकर आवेदन कर सकते हैं.

ये भी पढ़ें- Hanuman Ansh Review: आत्मीयता से सजी आध्यात्मिक कहानी, हर सीन में महसूस होगी भक्ति