Kal Ka Mausam 9 October: अक्टूबर की शुरुआत के साथ मौसम में बदलाव का दौर जारी है. कहीं दिन में गर्मी का असर बना हुआ है तो कहीं बारिश और तेज हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 9 अक्टूबर को उत्तराखंड में भारी बारिश के साथ आंधी, बिजली चमकने और तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है. विभाग ने राज्य में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है.
दिल्ली-NCR में गर्मी के बीच बढ़ेगी सुबह-शाम की ठंडक
दिल्ली-NCR में मानसून के बाद मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदल रहा है. दिन के समय अभी भी गर्मी महसूस हो रही है, लेकिन सुबह और शाम हल्की ठंडक का अहसास बढ़ने लगा है. 9 अक्टूबर को राजधानी और आसपास के इलाकों में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है. इसके बाद 10 और 11 अक्टूबर को भी आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. हालांकि IMD के 8 अक्टूबर के चेतावनी अपडेट में 9 अक्टूबर को दिल्ली के लिए कोई चेतावनी दर्ज नहीं है.
यूपी-बिहार में कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर प्रदेश और बिहार के मौसम की बात करें तो 9 अक्टूबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर छिटपुट बारिश की संभावना है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए IMD ने 9 अक्टूबर को कोई चेतावनी जारी नहीं की है. बिहार में कुछ स्थानों पर बारिश के साथ आंधी, बिजली चमकने और तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है. देश के अन्य हिस्सों में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और अंडमान-निकोबार में भी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है.
10 से 14 अक्टूबर तक भी बारिश का दौर जारी
9 अक्टूबर के बाद भी कई राज्यों में मौसम पूरी तरह साफ होने के संकेत नहीं हैं. 10 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर, केरल, तमिलनाडु, झारखंड, पश्चिम बंगाल, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और लक्षद्वीप में बारिश की संभावना है. वहीं 11 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर, बिहार, पूर्वी मध्य प्रदेश, अंडमान-निकोबार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बारिश हो सकती है. 12 से 14 अक्टूबर के बीच भी जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, अंडमान-निकोबार, केरल, लक्षद्वीप और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश का अनुमान है.
इन राज्यों में बारिश का असर
IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में उत्तराखंड समेत जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अंडमान-निकोबार, ओडिशा, केरल, तमिलनाडु और लक्षद्वीप के कुछ हिस्सों में बारिश देखने को मिल सकती है. खासतौर पर उत्तराखंड में 9 अक्टूबर को भारी बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की स्थिति को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है.
ये भी पढ़ें: चीन के पड़ोस में भारतीय हथियारों की एंट्री, ये दो देश खरीदेंगे 'आकाश' मिसाइल, रूस को बड़ा झटका!