Weather Alert: दिल्ली-NCR में मूसलाधार बारिश, असम में फिर बाढ़... बिहार-बंगाल समेत कई राज्यों में अलर्ट

देश के कई हिस्सों में मानसून इस समय पूरी तरह सक्रिय है और लगातार हो रही बारिश से लोगों की परेशानी बढ़ गई है. दिल्ली-NCR में पिछले 30 घंटे से ज्यादा समय से कभी तेज तो कभी हल्की बारिश हो रही है.

Imd india Weather Alert Torrential rain in Delhi-NCR alerts issued for several states
Image Source: ANI

Weather Alert: देश के कई हिस्सों में मानसून इस समय पूरी तरह सक्रिय है और लगातार हो रही बारिश से लोगों की परेशानी बढ़ गई है. दिल्ली-NCR में पिछले 30 घंटे से ज्यादा समय से कभी तेज तो कभी हल्की बारिश हो रही है. वहीं असम और ओडिशा में बाढ़ के हालात गंभीर बने हुए हैं. केरल में भी कई जगहों पर बाढ़ जैसे हालात हैं. उत्तर भारत के साथ-साथ मध्य भारत और पहाड़ी राज्यों में भी बारिश का दौर जारी है.

मौसम विभाग ने 8 अगस्त को देश के कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी और गरज-चमक को लेकर चेतावनी जारी की है. पहाड़ी इलाकों में बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है, जबकि मैदानी इलाकों में जलभराव की समस्या लोगों के लिए परेशानी बढ़ा रही है.

दिल्ली-NCR में अभी नहीं थमेगी बारिश

दिल्ली-NCR में बीते 30 घंटे से ज्यादा समय से बारिश का दौर चल रहा है. शनिवार सुबह भी राजधानी और आसपास के कई इलाकों में तेज बारिश हुई. मौसम विभाग के अनुसार, आज भी दिल्ली में सुबह से रात तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.

मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली में 13 अगस्त तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. आज राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है. लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव और यातायात की परेशानी बढ़ सकती है.

उत्तर प्रदेश से झारखंड तक बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज बारिश होने की संभावना है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 8 से 10 अगस्त के बीच कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. कुछ स्थानों पर भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है.

बिहार के कई जिलों में तेज बारिश के साथ आंधी और गरज-चमक की चेतावनी दी गई है. झारखंड में भी कई जगहों पर बारिश और आंधी का अलर्ट है.

पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा, मुर्शिदाबाद, पुरुलिया, पश्चिम मेदिनीपुर, पूर्व बर्धमान, उत्तर 24 परगना, नादिया, कोलकाता और हावड़ा में भी तेज बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है. राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और मध्य प्रदेश में भी मौसम खराब रह सकता है. महाराष्ट्र के तटीय इलाकों और गोवा में बारिश होने की संभावना है. ओडिशा में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

पहाड़ों में बारिश बनी मुसीबत

उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. राज्य की कई नदियां उफान पर हैं और कुछ जगहों पर खतरे का स्तर पार कर चुकी हैं. लगातार बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है.

मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कुछ इलाकों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. राज्य में अगले सात दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. हिमाचल प्रदेश के भी कई हिस्सों में येलो अलर्ट है. जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में तेज बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है.

असम में फिर मंडरा रहा बाढ़ का खतरा

असम में बारिश ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है. मौसम विभाग ने राज्य के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. जिन इलाकों में बाढ़ का पानी धीरे-धीरे कम हो रहा था, वहां दोबारा पानी बढ़ने का खतरा पैदा हो गया है.

राज्य के कई हिस्सों में फिर तेज बारिश शुरू हो गई है. बाढ़ की वजह से अब तक 97 लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है, जबकि 15 जिले सबसे ज्यादा प्रभावित हैं. राज्य में करीब 1 लाख 68 हजार लोग बाढ़ से प्रभावित बताए जा रहे हैं.

लगातार बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन और राहत एजेंसियां ​​स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. आने वाले दिनों में अगर बारिश का दौर तेज हुआ तो असम के कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति और गंभीर हो सकती है.

ये भी पढ़ें- भारत ने चीन को दिखाया आईना, अरुणाचल प्रदेश के 27 स्थानों को आधिकारिक नक्शे में किया शामिल, जानें मामला