नए साल की शुरुआत के साथ सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्म ‘इक्कीस’ बॉक्स ऑफिस पर भले ही मिली-जुली प्रतिक्रिया पा रही हो, लेकिन सोशल मीडिया पर यह एक अलग ही वजह से सुर्खियों में आ गई है. यह फिल्म दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म होने के कारण पहले से ही खास मानी जा रही थी, मगर अब इसके अंत में दिखाए गए डिस्क्लेमर ने एक नई बहस छेड़ दी है. दर्शकों का ध्यान कहानी से ज्यादा उस संदेश पर टिक गया है, जिसने रिलीज के बाद विवाद का रूप ले लिया.
1 जनवरी 2026 को रिलीज हुई ‘इक्कीस’ की कहानी 1971 के भारत–पाक युद्ध की पृष्ठभूमि पर आधारित है. फिल्म में सेकंड लेफ्टिनेंट अरुण खेतरपाल की वीरता और बलिदान को केंद्र में रखा गया है. इस अहम किरदार में अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा नजर आ रहे हैं. धर्मेंद्र फिल्म में अरुण खेतरपाल के पिता की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि जयदीप अहलावत ने पाकिस्तानी ब्रिगेडियर निसार का किरदार निभाया है.फिल्म का भावनात्मक पक्ष, युद्ध के दृश्य और ऐतिहासिक संदर्भ दर्शकों को जोड़ने की कोशिश करते हैं, लेकिन रिलीज के बाद चर्चा का रुख अचानक बदल गया.
डिस्क्लेमर बना विवाद की जड़
फिल्म के अंत में दिखाए गए डिस्क्लेमर ने सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाओं को जन्म दिया. इस डिस्क्लेमर में कहा गया है कि फिल्म में दिखाया गया पाकिस्तानी सैनिक का अच्छा व्यवहार एक अपवाद है और आमतौर पर पड़ोसी देश की सेना भरोसे के लायक नहीं मानी जाती. साथ ही इसमें यह भी उल्लेख किया गया है कि पाकिस्तान की सेनाओं ने युद्ध और शांति दोनों समय भारतीय सैनिकों और नागरिकों के साथ क्रूरता की है, इसलिए सतर्क रहना जरूरी है. यही शब्द दर्शकों के एक वर्ग को चुभ गए और देखते ही देखते यह मुद्दा ऑनलाइन बहस का विषय बन गया.
सोशल मीडिया पर बंटी राय
डिस्क्लेमर सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों की राय दो हिस्सों में बंट गई. कुछ यूजर्स का मानना है कि यह संदेश फिल्म की मूल भावना से मेल नहीं खाता और शायद आखिरी वक्त पर जोड़ा गया है. एक यूजर ने लिखा कि कहानी को जिस दिशा में ले जाया गया था, डिस्क्लेमर ने उस संतुलन को तोड़ दिया. वहीं कुछ लोगों का कहना है कि हालिया फिल्मों के माहौल और दर्शकों की प्रतिक्रिया को देखते हुए मेकर्स ने यह कदम उठाया.दूसरी ओर, कुछ दर्शक इस डिस्क्लेमर का समर्थन भी कर रहे हैं और इसे ऐतिहासिक तथ्यों से जोड़कर देख रहे हैं.
फिल्म से ज्यादा चर्चा संदेश की
कुल मिलाकर ‘इक्कीस’ अब अपनी कहानी या अभिनय से ज्यादा उस विवादित डिस्क्लेमर के कारण चर्चा में है. धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म होने के बावजूद, दर्शकों की बातचीत फिल्म के अंत में दिए गए संदेश के इर्द-गिर्द घूमती नजर आ रही है. यह देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में मेकर्स इस पर कोई सफाई देते हैं या यह विवाद यूं ही चलता रहेगा.
यह भी पढ़ें: Box Office Collection: धुरंधर का कॉम्पिटिशन है साउथ की ये फिल्म, 10 दिनों में 100 करोड़ क्लब के इतने नजदीक पहुंची