Ice Age 6 Trailer: बच्चों से लेकर बड़ों तक की पसंदीदा एनिमेटेड फिल्म फ्रेंचाइजी 'आइस एज' एक बार फिर दर्शकों को हंसाने और रोमांचित करने के लिए तैयार है. करीब 25 साल पहले शुरू हुई इस फ्रेंचाइजी का छठा पार्ट जल्द सिनेमाघरों में दस्तक देने वाला है. डिज्नी और 20th सेंचुरी स्टूडियोज ने फिल्म 'आइस एज: बोइलिंग पॉइंट' का ट्रेलर रिलीज कर दिया है. इसमें मैनी, सिड, डिएगो और बाकी पुरानी टोली एक नए और खतरनाक एडवेंचर पर निकलती नजर आ रही है.
इस बार कहानी का रोमांच पहले से ज्यादा होने वाला है. फिल्म में पुरानी टोली को एक रहस्यमयी दुनिया यानी लॉस्ट वर्ल्ड का सामना करना पड़ेगा. यहां डायनासोर, ज्वालामुखी और कई तरह के खतरों के बीच किरदारों को अपनी जान बचाने के लिए नए रास्ते तलाशने होंगे. ट्रेलर सामने आने के बाद से ही फैंस को अपने पसंदीदा किरदारों की वापसी का इंतजार है.
फिर लौटे मैनी, सिड और डिएगो
'आइस एज: बोइलिंग पॉइंट' में दर्शकों को एक बार फिर अपने पसंदीदा किरदारों की मस्ती और नोकझोंक देखने को मिलेगी. रे रोमानो मैनी, जॉन लेगुइजामो सिड, डेनिस लीरी डिएगो, क्वीन लतीफा एली और साइमन पेग बक के किरदारों को अपनी आवाज देंगे.
इस बार स्क्रैट भी अपने नए कारनामों के साथ लौट रहा है. उसके साथ बेबी स्क्रैट और एक नया जुरासिक स्क्रैट भी नजर आएगा. ऐसे में फिल्म में पुराने हास्य और नए रोमांच का मजेदार मेल देखने को मिल सकता है.
10 साल बाद सिनेमाघरों में लौट रही है फ्रेंचाइजी
'आइस एज: बोइलिंग पॉइंट' साल 2016 में रिलीज हुई 'आइस एज: कोलिजन कोर्स' के बाद फ्रेंचाइजी की पहली थिएटर रिलीज होगी. हालांकि, इस बीच साल 2022 में 'द आइस एज एडवेंचर्स ऑफ बक वाइल्ड' भी रिलीज हुई थी. यह फिल्म डिज्नी प्लस पर आई थी और फ्रेंचाइजी की स्पिन-ऑफ फिल्म थी.
'आइस एज' की फिल्मों को हमेशा से फैमिली ऑडियंस का प्यार मिलता रहा है. बच्चों के बीच मैनी, सिड, डिएगो और स्क्रैट जैसे किरदार काफी लोकप्रिय हैं. ऐसे में छठे पार्ट के ट्रेलर ने एक बार फिर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है.
कब रिलीज होगी 'आइस एज: बोइलिंग पॉइंट'?
फिल्म 'आइस एज: बोइलिंग पॉइंट' का निर्देशन जॉन सी. डॉनकिन ने किया है. इसमें एशले पार्क, जोश पेक, विन्सेंट टोंग, एडम डिवाइन, कोको जोन्स और एडुआर्डो फ्रैंको समेत कई कलाकारों ने अलग-अलग किरदारों को अपनी आवाज दी है. यह एनिमेटेड फिल्म 5 फरवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. अब देखना दिलचस्प होगा कि मैनी और उसकी टोली का यह नया एडवेंचर दर्शकों को कितना पसंद आता है और क्या फिल्म फ्रेंचाइजी के पुराने जादू को फिर से दोहरा पाती है.
यह भी पढ़ें: संत कबीर की जिंदगी पर बनेगी भव्य फिल्म 'कबीरा', अभिषेक शर्मा संभालेंगे निर्देशन की कमान