संत कबीर की जिंदगी पर बनेगी भव्य फिल्म 'कबीरा', अभिषेक शर्मा संभालेंगे निर्देशन की कमान

Kabira: संत कबीर के जीवन और उनकी कालजयी शिक्षाओं पर आधारित फिल्म 'कबीरा' का निर्देशन अभिषेक शर्मा करेंगे. 15वीं शताब्दी के काशी की पृष्ठभूमि में बनने वाली इस म्यूजिकल फिल्म में लोक, सूफी और शास्त्रीय संगीत का अनूठा संगम देखने को मिलेगा. इसकी शूटिंग 2027 की शुरुआत में शुरू होगी.

kabira-film-announcement-sant-kabir-musical-abhishek-sharma
Image Source: Social Media

Kabira: भारतीय सिनेमा में अब महान संत और समाज सुधारक कबीर की कहानी बड़े पर्दे पर देखने को मिलेगी. महावीर जैन फिल्म्स ने अपनी नई फिल्म 'कबीरा' की घोषणा की है. यह फिल्म संत कबीर के असाधारण जीवन, उनकी विचारधारा और कालजयी शिक्षाओं पर आधारित होगी. फिल्म का निर्देशन 'परमाणु' और 'तेरे बिन लादेन' जैसी फिल्मों के निर्देशक अभिषेक शर्मा करेंगे, जबकि इसका संगीत तनिष्क बागची तैयार कर रहे हैं.

धर्म और जाति की सीमाओं से परे थी कबीर की आवाज 

संत कबीर 15वीं शताब्दी के महान कवि, रहस्यवादी संत और समाज सुधारक थे. उन्होंने अपने दोहों और विचारों के जरिए धार्मिक रूढ़ियों, जातिगत भेदभाव और समाज में मौजूद विभाजन को चुनौती दी. उनका जन्म एक हिंदू मां के यहां हुआ और पालन-पोषण मुस्लिम जुलाहा परिवार में हुआ. मंदिर और मस्जिद, दोनों से दूरी के बावजूद कबीर ने किसी एक धर्म की पहचान के बजाय इंसानियत और आपसी प्रेम का संदेश दिया.

बुनकर थे कबीर लेकिन विचारों ने हिला दिया था समाज 

कबीर अपनी आजीविका के लिए कपड़े बुनते थे, लेकिन उनके शब्दों और विचारों का प्रभाव समाज के बड़े वर्ग तक पहुंचा. उनकी रचनाओं ने धार्मिक आडंबरों पर सवाल उठाए और लोगों को सच्चाई, समानता तथा मानवता का रास्ता दिखाया. फिल्म 'कबीरा' में उनके इसी व्यक्तित्व और जीवन के उन पहलुओं को सामने लाने की कोशिश होगी, जिन्होंने सदियों बाद भी उनकी प्रासंगिकता बनाए रखी है.

लोक, सूफी और शास्त्रीय संगीत का होगा संगम

15वीं शताब्दी के काशी की पृष्ठभूमि में रची गई इस फिल्म में शहर के घाटों, कबीर के प्रसिद्ध दोहों और उनकी आध्यात्मिक शिक्षाओं को भव्य संगीतमय अंदाज में पेश किया जाएगा. फिल्म का संगीत लोक संगीत, सूफी संगीत और शास्त्रीय संगीत का अनूठा मेल होगा. तनिष्क बागची इस फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, जिससे कबीर की वाणी को एक नए सिनेमाई अनुभव के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा.

महावीर जैन और अमित उपाध्याय कर रहे हैं प्रस्तुति

 'कबीरा' को महावीर जैन और अमित उपाध्याय प्रस्तुत कर रहे हैं. फिल्म के निर्माता MJF, सरल वल्लभ भंसाली और श्रद्धा सिंह हैं. इसका निर्माण शॉक एंड ऑ प्रोडक्शन के बैनर तले किया जाएगा. फिल्म के जरिए संत कबीर के जीवन और उनके विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की योजना है. फिल्म 'कबीरा' की शूटिंग 2027 की शुरुआत में शुरू होने की तैयारी है. संत कबीर के जीवन, काशी की सांस्कृतिक विरासत और उनके दोहों की ताकत को बड़े पर्दे पर उतारने वाली यह फिल्म दर्शकों को एक आध्यात्मिक और संगीतमय सफर पर ले जाने का प्रयास करेगी.

ये भी पढ़ें- एक्शन फिल्मों के दौर में फैमिली एंटरटेनमेंट लेकर लौट रहे हैं सूरज बड़जात्या, जल्द रिलीज होगी 'ये प्रेम मोल लिया'