पटना: बिहार की राजनीति के विवादित और चर्चित नेता अनंत सिंह ने राज्यसभा चुनाव के दौरान वोट डालने के बाद मीडिया से बातचीत में बड़ा ऐलान किया. उन्होंने साफ कहा कि अब वे आगे कोई चुनाव नहीं लड़ेंगे और उनकी राजनीतिक विरासत उनके बच्चों के हाथ में होगी. अनंत सिंह ने यह भी बताया कि अब उनके बच्चे ही चुनाव लड़ेंगे और राजनीति में सक्रिय रहेंगे.
अनंत सिंह ने एनडीए के सभी पांच उम्मीदवारों की जीत का दावा करते हुए कहा कि गठबंधन मजबूत है और सभी प्रत्याशियों की जीत तय मानी जा रही है. मुख्यमंत्री पद को लेकर उन्होंने निशांत कुमार की योग्यता की सराहना की, लेकिन कहा कि अंतिम फैसला पार्टी के वरिष्ठ नेताओं पर निर्भर करेगा.
जेल में रहते हुए मिली थी जीत
पिछले साल बिहार विधानसभा चुनाव में अनंत सिंह ने मोकामा सीट से जोरदार जीत दर्ज की थी. उन्होंने आरजेडी की उम्मीदवार वीणा देवी को 28,206 वोटों के अंतर से हराया. इस जीत के लिए उन्हें 91,416 वोट मिले, जबकि वीणा देवी को 63,210 वोट ही मिले. इस चुनाव में अनंत सिंह जेल में थे, लेकिन जीत दर्ज कर उन्होंने साबित कर दिया कि उनका राजनीतिक प्रभाव कितना मजबूत है. 3 फरवरी 2026 को उन्हें पुलिस की गाड़ी में विधानसभा लाया गया, शपथ दिलाई गई और फिर जेल भेज दिया गया.
अनंत सिंह क्यों हैं जेल में?
अनंत सिंह फिलहाल जेल में हैं. उन पर दुलार चंद यादव की हत्या के मामले में संलिप्त होने का आरोप है. 1 नवंबर 2025 को बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले उन्हें गिरफ्तार किया गया था. इस गिरफ्तारी के पीछे उनके समर्थकों और यादव समुदाय के बीच हुई झड़प और दुलार चंद यादव की मौत शामिल है. पटना की अदालत ने उन्हें बेऊर जेल में न्यायिक हिरासत में भेजा. नवंबर 2025 में स्पेशल MP-MLA कोर्ट ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी थी. अब इस फैसले को पटना हाई कोर्ट में चुनौती दी जाने की तैयारी है.
अनंत सिंह का चुनावी सफर
अनंत सिंह का राजनीतिक सफर लंबे और विवादास्पद रहा है. उन्होंने 2005 में जेडीयू के टिकट पर पहली बार मोकामा सीट से विधायक का चुनाव जीता. इसके बाद वे लगातार छह बार विधायक चुने गए.
अनंत सिंह के इस ऐलान ने बिहार की राजनीति में नई बहस को जन्म दिया है. अब उनका स्पष्ट संदेश है कि भविष्य में उनकी राजनीतिक भूमिका सीमित होगी और उनके बच्चे ही उनके राजनीतिक कदमों को आगे बढ़ाएंगे.
ये भी पढ़ें- Oscars: ऑस्कर अवॉर्ड्स विनर्स को क्या-क्या मिलते हैं फायदे, कितनी होती है प्राइज मनी? जानें सबकुछ