जबलपुर: मध्य प्रदेश के खनिज संपदा की कहानी में अब एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है. जबलपुर के महंगवा केवलारी इलाके में भूवैज्ञानिकों ने एक विशाल स्वर्ण भंडार का पता लगाया है, जो राज्य की आर्थिक ताकत को नई ऊँचाइयों पर ले जा सकता है. इस खोज ने पूरे क्षेत्र में उत्साह और उम्मीदें जगाई हैं कि जल्द ही मध्य प्रदेश खनन और निवेश के लिहाज से देश का प्रमुख केंद्र बन सकता है.
जबलपुर बनेगा खनिज समृद्धि का नया गढ़
जबलपुर की सिहोरा तहसील के महंगवा केवलारी क्षेत्र में करीब 100 हेक्टेयर में फैला यह सोने का भंडार बड़ी संभावनाओं का सूचक है. विशेषज्ञों का मानना है कि जमीन के अंदर लाखों टन सोना मौजूद हो सकता है, जिससे यह क्षेत्र खनिज संपदा की दृष्टि से देश में शीर्ष स्थान हासिल कर सकता है. भूविज्ञान और खनिज संसाधन विभाग की टीम ने कई वर्षों की मेहनत के बाद यह सफलता हासिल की है.
सैंपलिंग और परीक्षण से मिली पुष्टि
भूमि के नमूनों की रासायनिक जांच से यह स्पष्ट हुआ है कि सिर्फ सोना ही नहीं, बल्कि तांबा और अन्य महत्वपूर्ण खनिज भी इस क्षेत्र में मौजूद हैं. विभाग के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अब तक के परीक्षणों ने इस क्षेत्र की खनिज समृद्धि को साबित किया है. यह खोज मध्य भारत के लिए एक ऐतिहासिक क्षण माना जा रहा है.
क्षेत्र में बढ़ा खनन विशेषज्ञों का उत्साह
पिछले कुछ वर्षों में पड़ोसी जिले कटनी में भी सोने के संकेत मिले थे, लेकिन वहां पुष्टि नहीं हो पाई थी. जबलपुर में यह ठोस खोज खनन विशेषज्ञों के लिए बड़ी प्रोत्साहना है. दोनों जिलों में सोने की संभावना ने इस क्षेत्र को खनन के लिए आकर्षक बना दिया है. इससे राज्य में नए औद्योगिक निवेश की उम्मीदें भी जग रही हैं.
खनिज संसाधनों का धनी क्षेत्र
जबलपुर पहले से ही लौह अयस्क, मैंगनीज, लेटराइट, चूना पत्थर और सिलिका रेत के लिए जाना जाता है. यहां 42 खदानें सक्रिय हैं, जो देश-विदेश को कच्चा माल मुहैया कराती हैं. सोने की खोज इस क्षेत्र को और भी समृद्ध बनाएगी. एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस क्षेत्र में खनन के लिए आवश्यक आधारभूत संरचना पहले से ही मौजूद है, जिससे नए निवेशकों का भरोसा बढ़ेगा.
अब आगे की रणनीति क्या होगी?
अब अगला कदम होगा इस स्वर्ण भंडार का विस्तृत सर्वेक्षण कर इसकी गुणवत्ता, मात्रा और व्यावसायिक खनन की संभावनाओं का पता लगाना. अगर यह पूरी तरह से फायदेमंद पाया गया, तो मध्य प्रदेश में बड़े पैमाने पर व्यावसायिक खनन की शुरुआत हो सकती है. यह राज्य की आर्थिक ताकत को मजबूती देने वाला और रोजगार के नए अवसर पैदा करने वाला बड़ा कदम साबित होगा.
ये भी पढ़ें: जबलपुर में 100 बिस्तर का अस्पताल, सरकारी जमीन पर बनेंगे BJP कार्यालय... MP कैबिनेट के बड़े फैसले