बाजार से दही लाने की जरूरत नहीं, घर पर ऐसे जमाएं गाढ़ा और मलाईदार दही

सर्दियों में घर पर दही जमाना कई बार मुश्किल हो जाता है. दूध में जामन डालने के बाद भी दही जमने में काफी समय लगता है. कभी दही पतला रह जाता है तो कभी सुबह तक ठीक से जमता ही नहीं. ऐसे में कई लोग बाजार से दही खरीदकर लाने लगते हैं. लेकिन कुछ आसान ट्रिक्स अपनाकर आप कड़ाके की ठंड में भी घर पर गाढ़ा और मलाईदार दही जमा सकते हैं.

how-to-set-thick-curd-in-winter-easy-tips
Image Source: Internet

सर्दियों में घर पर दही जमाना कई बार मुश्किल हो जाता है. दूध में जामन डालने के बाद भी दही जमने में काफी समय लगता है. कभी दही पतला रह जाता है तो कभी सुबह तक ठीक से जमता ही नहीं. ऐसे में कई लोग बाजार से दही खरीदकर लाने लगते हैं. लेकिन कुछ आसान ट्रिक्स अपनाकर आप कड़ाके की ठंड में भी घर पर गाढ़ा और मलाईदार दही जमा सकते हैं.

दरअसल, दही जमने के लिए दूध में सही मात्रा में जामन मिलाना और उसे अनुकूल तापमान पर रखना जरूरी होता है. सर्दियों में तापमान कम होने के कारण फर्मेंटेशन की प्रक्रिया धीमी हो जाती है. ऐसे में दूध की गर्माहट बनाए रखने के लिए कैसरोल का इस्तेमाल कर सकते हैं. आइए जानते हैं सर्दियों में दही जमाने के 4 आसान तरीके.

1. दूध में जामन मिलाने का सही तरीका अपनाएं

अक्सर लोग दूध में सीधे एक चम्मच दही डालकर मिला देते हैं, लेकिन जामन को अच्छी तरह फैलाना भी जरूरी है. इसके लिए सबसे पहले दूध को गर्म कर लें. ध्यान रखें कि दूध उबलता हुआ न हो. इसे इतना गर्म रखें कि उंगली डालने पर हल्की गर्माहट महसूस हो, लेकिन जलन न हो.

अब एक साफ बर्तन लें और उसमें थोड़ा सा जामन डालकर तले और किनारों पर फैला दें. इसके बाद इसमें हल्का गर्म दूध डालें और चम्मच से धीरे-धीरे मिला दें. इससे जामन दूध में अच्छी तरह फैल जाएगा और फर्मेंटेशन की प्रक्रिया शुरू होने में मदद मिलेगी.

2. दूध को एक बर्तन से दूसरे में पलटें

दही को अच्छी तरह जमाने के लिए दूध और जामन का सही तरीके से मिलना जरूरी है. इसके लिए एक आसान ट्रिक आजमा सकते हैं. जामन वाले बर्तन में दूध डालने के बाद उसे एक बर्तन से दूसरे बर्तन में 3-4 बार धीरे-धीरे पलटें.

ऐसा करने से जामन पूरे दूध में अच्छी तरह मिल जाता है. हालांकि, दूध को बहुत तेजी से फेंटने या बार-बार पलटने की जरूरत नहीं है. हल्के हाथों से यह प्रक्रिया पूरी करें, ताकि दूध की गर्माहट भी बनी रहे.

3. कैसरोल में रखें दूध, लंबे समय तक बनी रहेगी गर्माहट

सर्दियों में दही ठीक से न जमने की एक बड़ी वजह कम तापमान है. ऐसे में दूध को ऐसी जगह रखना चाहिए, जहां उसकी गर्माहट लंबे समय तक बनी रहे. इसके लिए रोटी रखने वाला कैसरोल काम आ सकता है.

सबसे पहले दूध वाले बर्तन को ढक्कन से बंद कर दें. अब इसे बड़े कैसरोल के अंदर रखें और उसका ढक्कन भी अच्छी तरह बंद कर दें. अगर आपके इलाके में बहुत ज्यादा ठंड पड़ रही है, तो कैसरोल को किसी मोटे कपड़े से लपेटकर गर्म जगह पर रख सकते हैं.

कैसरोल के अंदर दूध की गर्माहट लंबे समय तक बनी रहती है, जिससे दही जमने के लिए अनुकूल माहौल मिलता है. इस दौरान बर्तन को बार-बार खोलने या हिलाने से बचें.

4. रातभर छोड़ दें, सुबह जम जाएगा दही

गर्मियों के मुकाबले सर्दियों में दही जमने में ज्यादा समय लग सकता है. इसलिए जामन डालने के तुरंत बाद दही जमने की उम्मीद न करें. दूध को कैसरोल में रखकर रातभर के लिए छोड़ दें. तापमान के अनुसार इसे जमने में 7 से 9 घंटे या इससे ज्यादा समय भी लग सकता है.

सुबह जब दही अच्छी तरह जम जाए, तो इसे करीब एक घंटे के लिए फ्रिज में रख दें. इससे दही की बनावट और बेहतर हो जाएगी और वह अच्छी तरह सेट हो जाएगा. अब आप इसे खाने के साथ परोस सकते हैं या इससे रायता और लस्सी तैयार कर सकते हैं.

दही जमाते समय इन बातों का रखें ध्यान

दही जमाने के लिए हमेशा ताजा और अच्छी क्वालिटी का जामन इस्तेमाल करें. दूध बहुत गर्म होगा तो जामन के बैक्टीरिया प्रभावित हो सकते हैं और बहुत ठंडा होगा तो दही जमने में अधिक समय लगेगा. इसलिए दूध का तापमान सही रखना सबसे जरूरी है. साथ ही, जिस बर्तन में दही जमा रहे हैं, वह साफ और सूखा होना चाहिए. इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर आप सर्दियों में भी घर पर गाढ़ा और मलाईदार दही जमा सकते हैं.

यह भी पढ़ें: आंवले का अचार नहीं, इस बार बनाएं जैम; खट्टा-मीठा स्वाद जीत लेगा दिल