आंवले का अचार नहीं, इस बार बनाएं जैम; खट्टा-मीठा स्वाद जीत लेगा दिल

सर्दियों के मौसम में आंवला सेहत के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है. इसमें विटामिन-C समेत कई पोषक तत्व पाए जाते हैं. अगर आपके बच्चे भी नाश्ते में जैम खाना पसंद करते हैं, तो इस बार बाजार से डिब्बाबंद जैम लाने के बजाय घर पर आंवले का जैम बनाकर देख सकते हैं.

amla-jam-recipe-with-jaggery-easy-winter-recipe
Image Source: Internet

सर्दियों के मौसम में आंवला सेहत के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है. इसमें विटामिन-C समेत कई पोषक तत्व पाए जाते हैं. अगर आपके बच्चे भी नाश्ते में जैम खाना पसंद करते हैं, तो इस बार बाजार से डिब्बाबंद जैम लाने के बजाय घर पर आंवले का जैम बनाकर देख सकते हैं. इसकी खास बात है कि इसे रिफाइंड चीनी की जगह गुड़ से तैयार किया जाता है.

आंवले और गुड़ से बना यह जैम स्वाद में खट्टा-मीठा होता है. इसमें इलायची, दालचीनी और भुने जीरे का स्वाद इसे और भी खास बना देता है. इसे ब्रेड, पूरी या पराठे के साथ खाया जा सकता है. सबसे अच्छी बात यह है कि इसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है. आइए जानते हैं आंवले का जैम बनाने की आसान रेसिपी.

आंवले का जैम बनाने के लिए सामग्री

- ताजे आंवले – 500 ग्राम
- गुड़ – 400 से 500 ग्राम (स्वादानुसार)
- हरी इलायची पाउडर – आधा छोटा चम्मच
- दालचीनी पाउडर – ¼ छोटा चम्मच
- भुना जीरा पाउडर – आधा छोटा चम्मच
- काला नमक – ¼ छोटा चम्मच
- नींबू का रस – 1 बड़ा चम्मच

आंवले का जैम बनाने की आसान विधि

पहला स्टेप: सबसे पहले आंवलों को अच्छी तरह धो लें. अब इन्हें स्टीमर या इडली स्टैंड में रखकर करीब 10-12 मिनट तक भाप में पकाएं. जब आंवले नरम होकर खुलने लगें, तो गैस बंद कर दें और इन्हें ठंडा होने के लिए रख दें.

दूसरा स्टेप: आंवले ठंडे हो जाएं तो उनकी गुठलियां निकाल दें. अब आंवले के टुकड़ों को मिक्सी में बिना पानी डाले पीसकर स्मूद प्यूरी बना लें. अगर आपको जैम में थोड़ा टेक्सचर पसंद है, तो इन्हें कद्दूकस भी कर सकते हैं.

तीसरा स्टेप: अब एक भारी तले वाली कढ़ाई लें और उसमें आंवले की प्यूरी और बारीक किया हुआ गुड़ डाल दें. धीमी से मध्यम आंच पर मिश्रण को लगातार चलाते हुए पकाएं. इससे गुड़ अच्छी तरह पिघल जाएगा और मिश्रण कढ़ाई में चिपकेगा नहीं.

चौथा स्टेप: जब आंवले और गुड़ का मिश्रण थोड़ा गाढ़ा होने लगे, तो इसमें इलायची पाउडर, दालचीनी पाउडर, भुना जीरा और काला नमक डाल दें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर कुछ देर और पकाएं.

पांचवां स्टेप: जब मिश्रण गाढ़ा होकर जैम जैसी कंसिस्टेंसी में आ जाए और प्लेट पर डालने पर ज्यादा न फैले, तो इसमें नींबू का रस मिला दें. इसके बाद गैस बंद कर दें और जैम को पूरी तरह ठंडा होने दें.

तैयार है घर का बना आंवले का जैम

ठंडा होने के बाद आंवले के जैम को साफ और पूरी तरह सूखे कांच के जार में भर लें. इसे ब्रेड, पराठे या पूरी के साथ सर्व कर सकते हैं. गुड़ की वजह से इसका स्वाद खट्टा-मीठा होता है, जो बच्चों और बड़ों दोनों को पसंद आ सकता है.

यह भी पढ़ें: घर में नहीं है तंदूर? प्रेशर कुकर में बनाएं होटल जैसी कुरकुरी तंदूरी रोटी