हर रोज़ लाखों लोग भारतीय रेलवे के ज़रिए देशभर में सफर करते हैं. ऐसे में कई बार यात्रियों को पहले से बुक किया गया टिकट किसी वजह से इस्तेमाल नहीं करना पड़ता. अचानक कोई निजी कारण, बीमारी या काम के चलते यात्रा करना संभव न हो तो अक्सर टिकट रद्द करने की नौबत आ जाती है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि ऐसी स्थिति में टिकट कैंसल करने की बजाय किसी और को ट्रांसफर भी किया जा सकता है?
जी हां, भारतीय रेलवे यात्रियों की सुविधा के लिए एक खास व्यवस्था देता है, जिसके तहत कन्फर्म टिकट पर यात्री का नाम बदला जा सकता है. हालांकि इसके लिए कुछ नियम और शर्तें लागू होती हैं. आइए जानते हैं इस प्रक्रिया से जुड़ी पूरी जानकारी.
किन टिकटों पर मिलता है नाम बदलने का विकल्प?
रेलवे यह सुविधा सिर्फ कन्फर्म टिकट वालों को ही देता है. अगर आपका टिकट वेटिंग लिस्ट (WL) या RAC (Reservation Against Cancellation) में है, तो आप इस सुविधा का लाभ नहीं ले सकते. इसके अलावा नाम ट्रांसफर करने की अनुमति केवल करीबी रिश्तेदारों तक सीमित है. इनमें शामिल हैं. माता-पिता, पति या पत्नी, भाई या बहन, बेटा या बेटी. अगर यात्री कोई सरकारी कर्मचारी है, तो वह अपने विभाग के अनुरोध पत्र के आधार पर भी नाम परिवर्तन की सुविधा ले सकता है.
कब और कैसे बदल सकते हैं टिकट पर नाम?
टिकट पर नाम बदलवाने के लिए आपको ट्रेन के प्रस्थान से कम से कम 24 घंटे पहले संबंधित रेलवे रिजर्वेशन काउंटर पर आवेदन करना होगा. एक बार में सिर्फ एक बार ही नाम बदला जा सकता है, यानी एक ही टिकट पर बार-बार नाम परिवर्तन संभव नहीं है. यह सुविधा उन यात्रियों के लिए उपयोगी है जो यात्रा नहीं कर सकते लेकिन उनके परिवार का कोई सदस्य उसी टिकट पर सफर करना चाहता है.
आवेदन की प्रक्रिया क्या है?
ध्यान रखें: यह प्रक्रिया ऑनलाइन नहीं की जा सकती. चाहे आपने टिकट ऑनलाइन बुक किया हो या ऑफलाइन, नाम बदलवाने के लिए आपको सीधे रिजर्वेशन काउंटर पर जाना होगा.
प्रक्रिया इस प्रकार है
रेलवे रिजर्वेशन काउंटर पर जाएं. टिकट का प्रिंटआउट साथ ले जाएं (e-ticket का भी प्रिंट लेना ज़रूरी है). नाम बदलने का फॉर्म भरें, जिसमें नए यात्री की जानकारी दें. पुराने और नए यात्री दोनों के वैध पहचान पत्र लगाएं. जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी आदि. सभी दस्तावेजों की जांच के बाद रेलवे कर्मचारी टिकट पर नया नाम अपडेट कर देगा और आपको उसकी रसीद या नया टिकट जारी कर देगा.
क्यों फायदेमंद है ये सुविधा?
आपको टिकट कैंसिल नहीं करना पड़ता. नया टिकट बुक करने की जरूरत नहीं होती. कैंसिलेशन चार्ज से भी बचा जा सकता है. अचानक यात्रा रद्द होने की स्थिति में परिवार के किसी और सदस्य को भेजा जा सकता है.
यह भी पढ़ें: Jammu Kashmir: किश्तवाड़ में सेना और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी, हाई अलर्ट पर सुरक्षाबल