घर में CCTV कैमरा लगवाने का बना रहे हैं प्लान तो हो जाएं सावधान, डेटा हो सकता है चोरी, जानें कैसे

भारत सरकार ने हाल ही में CCTV कैमरों को लेकर नई गाइडलाइंस जारी की हैं, जिसका असर देशभर में CCTV कैमरा उपयोगकर्ताओं पर पड़ेगा. 1 अप्रैल 2026 से चीन की दो प्रमुख कंपनियों, Hikvision और Dahua के इंटरनेट कनेक्टेड CCTV कैमरों की बिक्री पर भारत में रोक लगा दी गई है.

How to buy a safe CCTV camera for home or office Keep these tips in mind
Image Source: Freepik

भारत सरकार ने हाल ही में CCTV कैमरों को लेकर नई गाइडलाइंस जारी की हैं, जिसका असर देशभर में CCTV कैमरा उपयोगकर्ताओं पर पड़ेगा. 1 अप्रैल 2026 से चीन की दो प्रमुख कंपनियों, Hikvision और Dahua के इंटरनेट कनेक्टेड CCTV कैमरों की बिक्री पर भारत में रोक लगा दी गई है. इन कंपनियों के कैमरे अब भारतीय बाजार में नहीं बिकेंगे. सरकार का यह कदम स्टैंडर्डाइजेशन टेस्टिंग एंड क्वालिटी सर्टिफिकेशन (STQC) नियमों के तहत लिया गया है. अगर आपके घर या ऑफिस में इन कंपनियों के कैमरे हैं या आप इन्हें खरीदने का सोच रहे हैं, तो आपको कुछ महत्वपूर्ण बातों का ध्यान रखना होगा.

चीन के CCTV कैमरों से जुड़ी सुरक्षा चिंताएं

भारत में CCTV कैमरों का एक बड़ा हिस्सा चीनी ब्रांड्स से आता है. इन कैमरों की लोकप्रियता का कारण उनकी सस्ती कीमत और आसानी से उपलब्धता है. लेकिन, जैसे कि सस्ते चीनी उत्पादों के साथ कुछ जोखिम जुड़े होते हैं, वैसे ही इन CCTV कैमरों के साथ भी समस्या हो सकती है. चीनी ब्रांड्स के कैमरे इंटरनेट से जुड़े होते हैं और इनमें रिकॉर्ड किए गए फुटेज चीनी सरकार के कंट्रोल में जा सकते हैं, जिससे राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा हो सकता है.

क्या विकल्प है?

अब सवाल यह है कि क्या सुरक्षित CCTV कैमरे खरीदें? भारत में वर्तमान में कई घरेलू ब्रांड्स जैसे CP Plus, Qubo, Prama, Matrix और Sparsh प्रमुखता से मौजूद हैं. इन कंपनियों के CCTV कैमरे BIS (Bureau of Indian Standards) मानक के तहत प्रमाणित होते हैं, जो इन्हें अधिक सुरक्षित और भरोसेमंद बनाते हैं. आप इन कैमरों को अपने घर या ऑफिस में इंस्टॉल कर सकते हैं, ताकि आपकी सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके.

कैसे करें अपनी जानकारी सुरक्षित?

CCTV कैमरे के माध्यम से एकत्रित किया गया डेटा अक्सर क्लाउड सर्वर पर स्टोर किया जाता है, लेकिन यह आपके निजी डेटा को जोखिम में डाल सकता है. इस समस्या से बचने के लिए, यह सलाह दी जाती है कि CCTV कैमरों का फुटेज इंटरनेट सर्वर पर स्टोर न किया जाए. इसके बजाय, आप डेटा को लोकल स्टोरेज या लोकल सर्वर पर ही स्टोर करें, ताकि आपका डेटा सुरक्षित रहे.

अगर आप क्लाउड स्टोरेज का उपयोग करते हैं, तो यह सुनिश्चित करें कि जिस सर्वर पर आपका डेटा स्टोर हो रहा है, वह सर्वर किस देश में स्थित है. उदाहरण के लिए, गूगल और माइक्रोसॉफ्ट जैसे ब्रांड्स के क्लाउड सर्वर अमेरिका में हैं, जो सुरक्षित माने जाते हैं.

CCTV कैमरे की सुरक्षा में सुधार के लिए क्या करें?

अपने CCTV कैमरे को हैकिंग से बचाने के लिए कुछ महत्वपूर्ण कदम उठाए जा सकते हैं. सबसे पहले, आपको अपने CCTV कैमरे के डिफॉल्ट यूजरनेम और पासवर्ड को बदलना होगा. इसके अलावा, एक मजबूत पासवर्ड बनाना और समय-समय पर इसे बदलते रहना बेहद जरूरी है. इसके अलावा, CCTV के फर्मवेयर को नियमित रूप से अपडेट करते रहना चाहिए, ताकि सुरक्षा में कोई कमी न हो और कैमरा हैक होने से बच सके.

ये भी पढ़ें: Android यूज़र्स के लिए अलर्ट! मंडरा रहा खतरनाक मैलवेयर का खतरा, सेफ रहने के लिए करें ये जरूरी काम