'बिग बॉस 19' के घर में जहां ड्रामा और एंटरटेनमेंट का तड़का लगा रहता है, वहीं कंटेस्टेंट तान्या मित्तल ने अपने अनोखे दावों से सबका ध्यान खींच लिया है. हाल ही में सोशल मीडिया पर उनके पुराने इंटरव्यू और TEDx टॉक क्लिप्स वायरल हो रही हैं, जिनमें वह अपने सफर की दिलचस्प और कुछ हद तक चौंकाने वाली बातें साझा करती दिख रही हैं. एक ऐसी कहानी जो माचिस की डिब्बी से शुरू होकर करोड़ों की कंपनी तक जा पहुंची.
तान्या ने एक इंटरव्यू में बताया कि उनका बचपन किसी किताब की प्रेरणादायक कहानी जैसा नहीं था. कॉलेज में वो न तो टॉपर थीं और न ही बहुत दोस्त थे. उन्होंने कहा, “मैं स्कूल के बाद स्लम इलाकों में वक्त बिताती थी. वहां जाकर लोगों से बहुत कुछ सीखा. किताबों से नहीं, ज़िंदगी से.” उन्होंने कई स्पीकिंग कोर्स किए और आज का दावा है कि वह "53 कलाओं में निपुण" हैं.
गिफ्टिंग कंपनी की शुरुआत और शुरुआती कामयाबी
तान्या ने ‘हैंडमेडलव’ नाम से एक गिफ्टिंग स्टार्टअप शुरू किया, जिसमें उन्होंने कपल्स के लिए खास तरह के हैंडक्राफ्टेड गिफ्ट बनाना शुरू किया. उनका मानना था कि रिश्तों में मुस्कुराहट की कमी है और वो अपने प्रोडक्ट्स के जरिए लोगों के चेहरों पर खुशी लाना चाहती थीं. “जो लोग रिलेशनशिप में थे, मैंने उन्हें टारगेट किया. वे मेरे गिफ्ट्स खरीदते गए और दो साल के अंदर मैं देश की सबसे कम उम्र की करोड़पतियों में शामिल हो गई,” तान्या ने यह बात गर्व से कही.
1 रुपये की माचिस, 65 में बेची
तान्या की सबसे चर्चित रणनीति रही उनकी वही माचिस की डिब्बी, जिसे उन्होंने 65 रुपये में बेचा. उन्होंने बताया, “यह मेरा स्टार प्रोडक्ट था. 1 रुपये की माचिस को मैं क्राफ्ट और सजावट से यूनिक बना देती थी और 65 रुपये में बेचती थी. इसमें 99% का प्रॉफिट मार्जिन था. सब कुछ मैं खुद करती थी – प्रोडक्ट बनाना, पैकिंग और कुरियर.” देखते ही देखते उनके पास देशभर से करीब 20,000 ग्राहक हो गए, और ये सब कुछ उन्होंने महज छह महीनों में हासिल किया.
जब सफलता के बीच आई मुश्किल
हर उद्यमी की तरह तान्या को भी असफलता का सामना करना पड़ा. उन्होंने बताया कि एक बार जब उन्होंने 30 पार्सल भेजे, तो सभी ग्राहक नाराज़ हो गए क्योंकि डिलीवरी के दौरान गिफ्ट्स टूट गए थे. “सभी ग्राहकों ने फोन करके गुस्सा निकाला. मुझे पैसे लौटाने पड़े और कंपनी को नुकसान हुआ. मैं बहुत रोई, खुद पर भरोसा डगमगा गया. लेकिन हार नहीं मानी.” अगले ही दिन तान्या खुद कुरियर ऑफिस गईं, पैकिंग के सही तरीके सीखे, और दोबारा डबल मेहनत से शुरुआत की.
अब रियलिटी शो में नई पहचान
आज तान्या मित्तल 'बिग बॉस 19' में दर्शकों का मनोरंजन कर रही हैं, लेकिन उनके दावे और कहानियां एक बार फिर जांच के घेरे में हैं. कुछ लोग उन्हें प्रेरणा मानते हैं, तो कुछ उनके अनुभवों पर सवाल उठा रहे हैं. हालांकि, यह तो साफ है कि तान्या ने अपनी जिद, मेहनत और क्रिएटिव सोच से एक ऐसी पहचान बनाई है, जो लाखों युवाओं को अपने सपनों पर विश्वास करने की प्रेरणा दे सकती है.
यह भी पढ़ें: धनश्री की आवाज़ और अक्षरा की याद... 'राइज एंड फॉल' में पवन सिंह हुए इमोशनल, जानें पूरा मामला