Pawan Singh In Rise And Fall: 'राइज एंड फॉल' रियलिटी शो केवल टास्क और एंटरटेनमेंट के लिए नहीं, बल्कि कंटेस्टेंट्स की पर्सनल जर्नी और दिल की अनकही कहानियों के लिए भी चर्चाओं में बना हुआ है. इस शो का ताज़ा एपिसोड कुछ ऐसा ही लेकर आया, जब भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार पवन सिंह ने एक पुराना ज़ख्म छेड़ दिया, वो भी इशारों में, बिना किसी का नाम लिए.
हालांकि पवन सिंह ने सीधे तौर पर कुछ नहीं कहा, लेकिन दर्शकों को साफ़-साफ़ समझ आ गया कि इशारा अक्षरा सिंह की ओर था, उनकी वही पूर्व प्रेमिका, जिनके साथ उनका रिश्ता एक समय में पूरे भोजपुरी इंडस्ट्री में सुर्खियों में था.
जब पवन ने धनश्री की आवाज़ में खोजा 'वो एहसास'
'राइज एंड फॉल' के हालिया एपिसोड में पवन सिंह, धनश्री वर्मा, आदित्य नारायण और नयनदीप रक्षित के साथ एक हल्की-फुल्की बातचीत कर रहे थे. उसी दौरान पवन ने कहा, "आपकी आवाज़ बहुत खूबसूरत है. मेरे जीवन में भी कोई था, जिसकी आवाज़ आपकी तरह थी. आपकी आवाज़ में उसका 75 प्रतिशत वोकल है."
इतना कहने के बाद ही माहौल थोड़ा भावुक हो गया. आदित्य नारायण ने तुरंत चुटकी लेते हुए कहा, “तो क्या अब भी एक्स उनके दिमाग में हैं?” पवन सिंह ने इस सवाल को हंसी में टाल दिया, और आगे इस विषय पर चुप्पी साध ली. लेकिन उनके शब्द और हावभाव यह जताने के लिए काफी थे कि बीते रिश्ते की यादें अभी भी कहीं न कहीं ज़िंदा हैं.
पवन और अक्षरा की अधूरी प्रेम कहानी
एक समय था जब पवन सिंह और अक्षरा सिंह भोजपुरी सिनेमा की सबसे चर्चित ऑन-स्क्रीन और ऑफ-स्क्रीन जोड़ियों में से एक थे. दोनों ने साथ में कई हिट फिल्में दीं.‘सत्या’, ‘तबादला’, ‘सौगंध गंगा मईया की’, ‘बनारस वाली’ और ‘मां तुझे सलाम’ जैसी फिल्में दर्शकों को बेहद पसंद आईं.
लेकिन रील से रियल तक का यह रिश्ता ज्यादा समय तक टिक नहीं सका. अक्षरा सिंह ने कई इंटरव्यू में ये स्वीकार किया कि उन्हें पवन सिंह से प्यार था, लेकिन जब पवन ने अचानक शादी कर ली, तो उनका दिल टूट गया. अक्षरा ने धोखे और मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप भी लगाए. वहीं पवन सिंह ने कभी इस मुद्दे पर खुलकर सफाई नहीं दी. उन्होंने सिर्फ यह माना कि "कुछ था, जो अब नहीं है."
क्या शो में पवन सिंह के शब्द थे एक 'क्लोजर'?
अब सवाल ये उठता है कि क्या पवन सिंह की इस इमोशनल बातचीत को एक 'क्लोजर' के तौर पर देखा जाए? क्या यह संकेत था कि वो अब अतीत से उबरकर आगे बढ़ना चाहते हैं? या फिर यह अब भी अधूरी मोहब्बत की कसक थी, जो एक पब्लिक मंच पर अनजाने में बाहर आ गई?
जो भी हो, 'राइज एंड फॉल' के इस एपिसोड ने साबित कर दिया कि इस रियलिटी शो में असल जज़्बात भी झलकते हैं, कभी हंसी में, कभी इशारों में और कभी आंखों की खामोशी में.
यह भी पढ़ें- दिल्ली-NCR में गैंगस्टरों के खिलाफ बड़ा एक्शन, 58 जगहों पर छापेमारी; भारी हथियार और नकदी बरामद