लखनऊ में भीषण सड़क हादसा, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर पलटी डबल डेकर बस; बिहार जा रहे 5 यात्रियों की मौत

Road Accident On Purvanchal Expressway: लखनऊ के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों को झकझोर दिया. डबल डेकर बस के पलटने से 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 16 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

Horrific road accident in Lucknow double decker bus overturned on Purvanchal Expressway
Image Source: Social Media

Road Accident On Purvanchal Expressway: लखनऊ के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों को झकझोर दिया. डबल डेकर बस के पलटने से 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 16 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. यह हादसा गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के हसनापुर के पास हुआ.

जानकारी के अनुसार, बस लुधियाना से दरभंगा जा रही थी. बस में करीब 40 यात्री सवार थे. सोमवार शाम करीब 4:30 बजे एक्सप्रेसवे के 11.4 किलोमीटर पॉइंट के पास अचानक बस अनियंत्रित होकर पलट गई. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे की वजह ड्राइवर को झपकी आना हो सकती है, जिससे बस का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई.

मौके पर मची अफरा-तफरी

हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई. कई यात्री बस के अंदर फंसे हुए थे. स्थानीय लोगों ने सबसे पहले राहत और बचाव कार्य शुरू किया. बाद में पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन तेज किया गया. फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकालने के लिए क्रेन की मदद ली गई. हादसे के कारण कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात भी बाधित रहा.

घायलों का ट्रामा सेंटर में इलाज

घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कई लोगों का इलाज ट्रामा सेंटर में चल रहा है. डॉक्टरों के मुताबिक कुछ घायलों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है. पुलिस ने बताया कि मृतकों और घायलों की पहचान की जा रही है और उनके परिजनों को सूचना दी जा रही है.

प्रशासन अलर्ट, जांच जारी

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और हालात का जायजा लिया. दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है. वहीं, उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रिजेश पाठक ने इस हादसे पर दुख जताया है. उन्होंने कहा कि घायलों के इलाज के लिए सभी जरूरी निर्देश जारी कर दिए गए हैं और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क है.

सड़क सुरक्षा पर फिर उठे मुद्दे

इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और लंबी दूरी की यात्रा के दौरान ड्राइवर की थकान जैसे गंभीर मुद्दों को सामने ला दिया है. एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही पहले भी कई हादसों की वजह बन चुकी है. फिलहाल, प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है और घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने की कोशिश की जा रही है.