Aurangabad Accident: बिहार के औरंगाबाद जिले में दाउदनगर-गया मार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. गोह थाना क्षेत्र के दधपी गांव के समीप कार और ट्रैक्टर की आमने-सामने टक्कर में तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
मेला से लौटते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार सभी लोग अरवल जिले के मेहंदिया थाना क्षेत्र में आयोजित मलमास मेले से वापस लौट रहे थे. इसी दौरान दधपी मोड़ के पास उनकी कार की टक्कर एक ट्रैक्टर से हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार तीन महिलाओं ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया.
तीन महिलाओं की गई जान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान दाउदनगर थाना क्षेत्र के हिच्छन बिगहा गांव निवासी उपेंद्र यादव की पत्नी ममता कुमारी, उनकी पुत्री चुलबुल कुमारी तथा उपहारा थाना क्षेत्र के डड़वां गांव निवासी विनोद कुमार की पुत्री खुशी कुमारी के रूप में हुई है.
दो घायलों की हालत गंभीर
दुर्घटना में विनोद कुमार के पुत्र समर कुमार और पुत्री मुस्कान कुमारी घायल हो गए. दोनों को तत्काल गोह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया रेफर कर दिया गया.
हादसे के बाद सड़क पर प्रदर्शन
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. हादसे से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. ग्रामीणों की मांग है कि दुर्घटनास्थल पर स्पीड ब्रेकर बनाया जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके. इसके साथ ही मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की भी मांग की जा रही है.
पुलिस और प्रशासन मौके पर
हादसे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया. अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है.
ये भी पढ़ें- सूरत में सेप्टिक टैंक बना मौत का कुआं, सफाई के लिए उतरे 4 मजदूरों की दम घुटने से मौत