हनी सिंह के कॉन्सर्ट पर एक्शन, चेतावनी के बाद भी खतरे में डाली एयरपोर्ट जोन की सुरक्षा, FIR दर्ज

मशहूर सिंगर-रैपर यो यो हनी सिंह के हालिया कॉन्सर्ट ने एक नए विवाद को जन्म दे दिया है. 28 मार्च को एमएमआरडीए ग्राउंड में आयोजित लाइव शो के दौरान नियमों की अनदेखी के आरोप सामने आए हैं.

Honey Singh concert puts security of airport zone in danger FIR registered
Image Source: Social Media

मशहूर सिंगर-रैपर यो यो हनी सिंह के हालिया कॉन्सर्ट ने एक नए विवाद को जन्म दे दिया है. 28 मार्च को एमएमआरडीए ग्राउंड में आयोजित लाइव शो के दौरान नियमों की अनदेखी के आरोप सामने आए हैं. इस मामले में पुलिस ने कॉन्सर्ट आयोजकों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है. आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान प्रतिबंध के बावजूद लेजर लाइट का इस्तेमाल किया गया, जिससे एयरपोर्ट जोन की सुरक्षा पर खतरा पैदा हो गया.

जानकारी के मुताबिक, पुलिस प्रशासन ने कॉन्सर्ट से पहले ही आयोजकों को साफ निर्देश दिए थे कि एयरपोर्ट के नजदीक होने के कारण लेजर लाइट का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा. इसके बावजूद कार्यक्रम में इन नियमों का उल्लंघन किया गया. इसी आधार पर आयोजक कंपनी ‘तमन्नाज वर्ल्डवाइड एडवरटाइजमेंट’ से जुड़े इंद्रजीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.

लेजर लाइट से सुरक्षा को खतरा

अधिकारियों का कहना है कि लेजर लाइट का इस्तेमाल हवाई क्षेत्र के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है, क्योंकि यह विमान संचालन को प्रभावित कर सकता है. खासकर एयरपोर्ट जोन के पास इस तरह की गतिविधियों पर सख्त रोक होती है. बावजूद इसके नियमों को नजरअंदाज किया गया, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई.

अनुमान से ज्यादा पहुंची भीड़

कॉन्सर्ट के आयोजन को लेकर एक और बड़ी लापरवाही सामने आई है. आयोजकों ने पुलिस को जानकारी दी थी कि कार्यक्रम में करीब 12 हजार लोग शामिल होंगे, लेकिन असल में 18 से 20 हजार के बीच भीड़ पहुंच गई. अचानक बढ़ी इस भीड़ के कारण मौके पर मौजूद पुलिस और सुरक्षा व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया और हालात संभालना चुनौतीपूर्ण हो गया.

पहले भी दिखा था हंगामा

इस कॉन्सर्ट के दौरान एंट्री को लेकर भी काफी हंगामा देखने को मिला था. बड़ी संख्या में लोग टिकट और प्रवेश को लेकर विवाद करते नजर आए, जिससे आयोजन के दौरान अव्यवस्था की स्थिति बनी रही. अब लेजर लाइट के इस्तेमाल का मामला सामने आने के बाद विवाद और गहरा गया है.

देशभर में जारी है टूर

बताया जा रहा है कि यो यो हनी सिंह इन दिनों ‘My Story India Chapter’ नाम से देशभर में कॉन्सर्ट टूर कर रहे हैं. इस टूर के तहत वे 4 अप्रैल को पुणे, 11 अप्रैल को कोटा, 25 अप्रैल को इंदौर, 2 मई को लखनऊ, 9 मई को कोलकाता और 16 मई को बेंगलुरु में परफॉर्म करने वाले हैं.

कॉन्सर्ट में उनके लोकप्रिय गानों ‘डोप शॉप’, ‘ब्लू आइज’, ‘ब्राउन रंग’ और ‘मिलियनेयर’ पर फैंस झूमते नजर आए, लेकिन अब यह विवाद उनके इस टूर पर भी असर डाल सकता है.

ये भी पढ़ें- बिहार में बड़ा हादसा, नालंदा के शीतला माता मंदिर में मची भगदड़, 8 श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल, VIDEO