नालंदा (बिहार): बिहार के नालंदा जिले से मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई, जहां प्रसिद्ध शीतला माता मंदिर में अचानक भगदड़ मच गई. इस हादसे में अब तक 8 श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 6 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया.
यह हादसा दीपनगर थाना क्षेत्र के मघड़ा गांव स्थित मंदिर में हुआ, जहां हर मंगलवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं. स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुबह से ही मंदिर परिसर में हजारों श्रद्धालु जमा हो गए थे. भीड़ लगातार बढ़ती जा रही थी, लेकिन उसे नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे. धीरे-धीरे हालात बिगड़ने लगे और स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई.
धक्का-मुक्की के बाद मची भगदड़
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पूजा के दौरान अचानक भीड़ में धक्का-मुक्की शुरू हो गई. कुछ ही देर में यह धक्का-मुक्की भगदड़ में बदल गई. लोग घबराकर बाहर निकलने की कोशिश करने लगे, जिससे अफरा-तफरी मच गई. कई श्रद्धालु एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े और इसी दौरान गंभीर रूप से घायल हो गए. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कुछ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया.
घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया. एंबुलेंस की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. सभी घायलों को इलाज के लिए नालंदा के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही है. कुछ गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर करने की तैयारी भी की जा रही है.
#WATCH | Bihar: A stampede occurred during puja at Maa Sheetla Mandir in Maghra village of Nalanda. Injuries reported, deaths feared. More details awaited.
— ANI (@ANI) March 31, 2026
Visuals from the spot as an ambulance reaches here. pic.twitter.com/1UU0kwN6OA
मंदिर परिसर खाली कराया गया
हादसे के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मंदिर परिसर को खाली करा लिया. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. मौके पर एसडीएम समेत कई वरिष्ठ अधिकारी पहुंचकर हालात का जायजा ले रहे हैं और राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं.
प्रशासन ने दिए जांच के आदेश
प्रशासन ने इस हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं. शुरुआती जांच में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही की बात सामने आ रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि हर मंगलवार को यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं, लेकिन इसके बावजूद भी पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जाते.
ये भी पढ़ें- RBSE 12th Result: राजस्थान बोर्ड 12वीं का रिजल्ट जारी, 5 स्टूडेंट्स के 99.80% नंबर! कैसे करें चेक?