Political popcorn: गृह मंत्रालय का नया सिक्योरिटी ब्लूप्रिंट, देश में लागू होगा 'इंटेलिजेंस-लेड' पुलिसिंग मॉडल!

गृह मंत्रालय की नई रणनीति में AI और अत्याधुनिक डेटाबेस के जरिए खुफिया सूचनाओं का विश्लेषण कर संभावित खतरों की पहले से पहचान और उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की तैयारी पर जोर दिया जा रहा है.

home-ministry-ai-intelligence-led-policing-security-blueprint
Political Popcorn

1.खाकी वर्दी पर अब डिजिटल चश्मा... एल्गोरिदम पकड़ेगा खतरे का हर पैंतरा!

गृह मंत्रालय का नया सिक्योरिटी ब्लूप्रिंट: देश में लागू होगा 'इंटेलिजेंस-लेड' पुलिसिंग मॉडल !

नॉर्थ ब्लॉक के गलियारों से देश की आंतरिक सुरक्षा को लेकर एक बेहद हाई-टेक और दूरगामी संकेत छनकर सामने आया है. गृह मंत्री अमित शाह के स्पष्ट निर्देशों के बाद मल्टी-एजेंसी सेंटर के विशाल डेटाबेस को अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की कसौटी पर परखा जाएगा, ताकि आने वाले राष्ट्रीय सुरक्षा खतरों के लिए पहले से ही सटीक SOP तैयार हो सकें. अलबत्ता अब तक सुरक्षा एजेंसियां सूचनाएं जुटाने में अपनी पूरी ताकत झोंकती थीं, लेकिन नई रणनीति के तहत जुटाए गए डेटा का डिजिटल विश्लेषण सबसे अहम हथियार बनने जा रहा है.

गृह मंत्रालय अब पूरी तरह 'इंटेलिजेंस-लेड पुलिसिंग' के मॉडल को मुख्यधारा में लाने की तैयारी में है, जहां MAC, CCTNS, ICJS, NATGRID, NAFIS और AI मिलकर एक साझा और अभेद्य सुरक्षा चक्रव्यूह बनाएंगे. राजनीतिक प्रेक्षक इस कदम को सुरक्षा तंत्र का सबसे आधुनिक कायाकल्प मान रहे हैं, क्योंकि पुराने ढर्रे की कागजी छानबीन की जगह अब सेकेंडों में डेटा मैचिंग और थ्रेट असेसमेंट का दौर शुरू हो चुका है. सचमुच आधुनिक दौर में अपराधियों और साजिशकर्ताओं के हाई-टेक तरीकों का मुकाबला करने के लिए सुरक्षा तंत्र को तकनीकी रूप से एक कदम आगे रखना समय की मांग है !

2.यूट्यूब पर पंचलाइन का खेल... मंत्री जी बोले- अखंड भारत से मत करो खिलवाड़, वरना हो जाएगी जेल!

समय रैना के शो में 'बिहारी बनाम कश्मीरी' चुटकुलों पर भड़के बिहार के शिक्षा मंत्री !

'इंडियाज गॉट लेटेंट' के मंच पर स्टैंड-अप कॉमेडियन समय रैना और बिहार की कंटेस्टेंट शेरोन वर्मा के बीच हुई नोकझोंक अब दिल्ली और पटना के सियासी गलियारों में भारी तूल पकड़ चुकी है. मंच पर बात 'इबोला' और 'नौकरी की तलाश में मुंबई आने' से शुरू होकर कश्मीरी पंडितों के दर्द और 'पत्थरबाजी' के गहरे जख्मों तक जा पहुंची. हंसाने के नाम पर एक-दूसरे की जड़ों पर उछाले गए इस कीचड़ ने सोशल मीडिया का पारा तो चढ़ाया ही, पटना से कड़ा सियासी प्रहार भी आ गया.

​बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने इस पूरे विवाद पर तीखा ऐतराज जताते हुए दो टूक कहा कि देश के किसी भी नागरिक पर ऐसी अभद्र टिप्पणी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने साफ किया कि जो लोग हंसी-मजाक के नाम पर ऐसी बातें करते हैं, वे दरअसल समाज और देश को बांटने की हरकत करते हैं. अलबत्ता स्टैंड-अप मंचों पर डार्क कॉमेडी के नाम पर संजीदा मुद्दों की सीमाएं लांघना अब नया शगल बन गया है !

3.क्रांति छोड़ अब शांति जपिए... बयानों की आंधी पर आलाकमान की पाबंदी!

आक्रामक बयानों के बाद दी गई चुप रहने की 'दोस्ताना नसीहत' !

​दिल्ली के राजनीतिक गलियारों में आज एक सांसद महोदय की 'क्रांतिकारी जुबान' पर ब्रेक लगने की गॉसिप खूब चटखारे लेकर सुनी जा रही है. पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने अपने ही एक मुखर सांसद को दो टूक समझा दिया है कि जरूरत से ज्यादा आक्रामकता और क्रांतिकारी तेवर पार्टी की छवि के लिए फायदे से ज्यादा सिरदर्द बन रहे हैं. सूत्र बताते हैं कि हाल के दिनों में माननीय के कुछ ऐसे बयानों से संगठन को बचाव की मुद्रा में आना पड़ा, जिससे शीर्ष नेता खासे असहज हो गए थे. अलबत्ता सार्वजनिक रूप से कोई कारण बताओ नोटिस तो जारी नहीं हुआ, लेकिन बंद कमरे में ऐसी सख्त ताकीद की गई है कि माननीय के तेवर फौरन ठंडे पड़ गए हैं. ​राजनीतिक प्रेक्षक इस बात पर नजर गड़ाए हुए हैं कि अनुशासन के लिए पहचानी जाने वाली पार्टी में यह अनौपचारिक 'गैग ऑर्डर' अंदरूनी खींचतान को शांत करने के लिए कितना कारगर साबित होता है. सचमुच राजनीति में कई बार अपनी ही लकीर बड़ी करने के चक्कर में नेताजी ऐसा तीर छोड़ बैठते हैं, जो पार्टी के ही तंबू में जाकर चुभ जाता है !

4.स्मैश द पैट्रियार्की' का भारी-भरकम ज्ञान... क्या चौपाल की दीदी समझेगी यह नया फरमान?

अंग्रेजी नारों की चमक और देसी जमीन पर सियासी प्रयोग !

कांग्रेस वॉर रूम से एक नया और चमकदार सियासी फॉर्मूला बाहर निकला है. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अब 'स्मैश द पैट्रियार्की' यानी पित्रसत्ता की बेड़ियों को तोड़ने के भारी-भरकम अंग्रेजी नारों के जरिए देश की आधी आबादी को नया वोट बैंक बनाने के मूड में हैं. पार्टी की नजर खासकर महानगरों की युवा, शिक्षित और कामकाजी महिलाओं पर टिकी है, जिन्हें जाति और धर्म के पारंपरिक खांचों से बाहर निकालकर एक स्वतंत्र पॉलिटिकल क्लास बनाने की योजना है. अलबत्ता पश्चिमी समाजशास्त्र के इन किताबी सिद्धांतों को भारतीय राजनीति की ठेठ देसी जमीन पर उतारना उतना आसान नहीं, जितना सेमिनार हॉल में भाषण देना होता है. ​राजनीतिक प्रेक्षक इस नए नैरेटिव की बारीकी से पड़ताल कर रहे हैं. भाजपा जहां 'लाडली बहना' और 'महतारी वंदन' जैसी नकद लाभ और कल्याणकारी योजनाओं के जरिए महिला वोटर्स की मजबूत घेराबंदी किए बैठी है, वहीं राहुल गांधी उन्हें 'निर्णयकर्ता' और 'सामाजिक बराबरी' का फलसफा समझाकर अलग राह पकड़ना चाहते हैं. यह सचमुच दिलचस्प है कि एक तरफ पार्टी जातिगत जनगणना और सामाजिक न्याय की ढपली बजा रही है, तो दूसरी तरफ जाति-धर्म से परे जाकर 'जेंडर पॉलिटिक्स' का नया झुनझुना थामने की कोशिश हो रही है !

5.पंजाब कांग्रेस में तख्त-ओ-ताज की जंग और पूर्व सीएम का 'तन्हा' जलसा !

मंच बड़ा पर साथी नदारद... चन्नी की काट में आलाकमान ने तलाश लिया नया ताजदार!

​पंजाब से लेकर दिल्ली तक कांग्रेस की अंदरूनी सियासत में एक बार फिर चिंगारियां सुलगने लगी हैं. बाबा बकाला में पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की रैली ने शक्ति प्रदर्शन की जगह पार्टी की पुरानी गुटबाजी को मंच पर लाकर बेनकाब कर दिया. रैली के मंच पर चन्नी बिल्कुल अकेले नजर आए, इलाके के तीनों स्थानीय सांसदों के साथ-साथ प्रताप सिंह बाजवा और परगट सिंह जैसे क्षत्रपों ने भी दूरी बनाकर साफ संदेश दे दिया. बिना पार्टी की हरी झंडी के रैली करने को लेकर आलाकमान इतना खफा है कि पूर्व सीएम भूपेश बघेल को बाकायदा चन्नी से जवाब-तलब करने का जिम्मा सौंप दिया गया है. अलबत्ता इसे केवल अनुशासनहीनता का मामला माना जाए तो सियासी भूल होगी, क्योंकि पर्दे के पीछे असली खेल चन्नी के सियासी एकाधिकार को तोड़ने का चल रहा है. ​अंदरखाने से छनकर आ रही गपशप बताती है कि कांग्रेस अब सूबे में चन्नी की मजबूत काट के तौर पर फतेहगढ़ साहिब से सांसद डॉ. अमर सिंह को बड़े दलित चेहरे के रूप में आगे करने की पुख्ता पटकथा लिख चुकी है. अमर सिंह पहले भी मुख्यमंत्री पद की दौड़ में बेहद आगे थे, मगर तब दिल्ली की एक प्रभावशाली महिला नेत्री के दखल से बाजी चन्नी के हाथ लगी थी, लेकिन अब प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के साथ उनकी करीबी चन्नी के तंबू की रस्सियां ढीली करने का काम कर रही है !

ये भी पढ़ें- Political Popcorn: सियासत के गलियारों में राखी, रील्स और राजनीति का तड़का! आज का 'पॉलिटिकल पॉपकॉर्न'