Hockey World Cup 2026: स्वतंत्रता दिवस के खास मौके पर भारतीय हॉकी टीम अपने वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत करने जा रही है. बेल्जियम और नीदरलैंड्स की संयुक्त मेजबानी में हॉकी वर्ल्ड कप 2026 का आगाज हो चुका है, जिसमें 16 टीमें खिताब के लिए मैदान में हैं. भारत का पहला मुकाबला वेल्स से होगा और टीम इंडिया जीत के साथ टूर्नामेंट की शुरुआत कर अपनी दावेदारी मजबूत करना चाहेगी.
आज चार मुकाबलों में दिखेगा हॉकी का रोमांच
टूर्नामेंट के पहले दिन कुल चार मुकाबले खेले जाएंगे. ग्रुप डी में भारत और वेल्स के अलावा पाकिस्तान और इंग्लैंड आमने-सामने होंगे. भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा गया है, जिससे आगे चलकर दोनों टीमों के बीच मुकाबले को लेकर भी रोमांच बढ़ने वाला है. वहीं ग्रुप बी में मेजबान बेल्जियम का सामना फ्रांस से होगा, जबकि जर्मनी की टीम मलेशिया के खिलाफ उतरेगी.
भारत-वेल्स मैच कब और कहां देखें?
भारत और वेल्स के बीच मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 4:30 बजे शुरू होगा. हॉकी फैंस इस मैच को जियो हॉटस्टार पर लाइव स्ट्रीमिंग के जरिए देख सकेंगे. टीवी पर मुकाबले का प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा, जबकि डीडी स्पोर्ट्स पर भी दर्शकों को लाइव एक्शन देखने का मौका मिलेगा.
भारत का वर्ल्ड कप शेड्यूल
भारत आज वेल्स के साथ अपना पहला मैच खेलेगा. ग्रुप डी में उसका दूसरा मैच 17 अगस्त को इंग्लैंड के साथ और आखिरी ग्रुप मुकाबले में उसे 19 अगस्त को पाकिस्तान से भिड़ना है.
51 साल से विश्व कप ट्रॉफी का इंतजार
भारतीय हॉकी के इतिहास में 1975 का विश्व कप सबसे गौरवशाली अध्याय है, जब अजीत पाल सिंह की कप्तानी में भारत ने खिताब अपने नाम किया था. इसके बाद से 51 साल बीत चुके हैं, लेकिन टीम दोबारा विश्व चैंपियन नहीं बन सकी. भारत 2010, 2018 और 2023 में विश्व कप की मेजबानी भी कर चुका है, लेकिन घरेलू मैदान पर भी टीम खिताब तक नहीं पहुंच पाई. विश्व कप में भारत का प्रदर्शन लगातार इस इंतजार को और लंबा करता रहा है.
दो फाइनल, एक खिताब और अब नई उम्मीद
भारत ने अब तक हॉकी वर्ल्ड कप के केवल दो फाइनल खेले हैं. 1973 में उसे नीदरलैंड्स के खिलाफ पेनल्टी शूटआउट में 4-2 से हार मिली थी, जबकि दो साल बाद 1975 में भारत ने इतिहास रचते हुए खिताब जीता. दूसरी ओर, पाकिस्तान चार बार विश्व चैंपियन बन चुका है और छह फाइनल खेल चुका है. ऐसे में 2026 का वर्ल्ड कप भारतीय टीम के लिए इतिहास दोहराने का बड़ा अवसर है. स्वतंत्रता दिवस पर वेल्स के खिलाफ जीत के साथ शुरुआत भारत के खिताबी सफर को नई ऊर्जा दे सकती है.
ये भी पढ़ें: स्पिन, हवा और उमस का ट्रिपल अटैक! गॉल में टीम इंडिया की होगी असली परीक्षा, जानें प्लेइंग-11