IND vs SL: क्रिकेट प्रेमियों का इंतजार अब खत्म होने वाला है. भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला 15 अगस्त 2026 से शुरू होगा. मैच गॉल के गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. यह मुकाबला 19 अगस्त तक चलेगा. दोनों टीमें सीरीज में जीत के साथ शुरुआत करना चाहेंगी. भारत के लिए यह सीरीज विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की दौड़ के लिहाज से भी काफी अहम है.
गॉल में होने वाला यह मुकाबला इस मैदान का 50वां टेस्ट मैच होगा. भारतीय टीम की कोशिश होगी कि इस ऐतिहासिक मैदान पर जीत दर्ज करके सीरीज की शुरुआत शानदार तरीके से की जाए. कप्तान शुभमन गिल ने भी साफ कर दिया है कि टीम का लक्ष्य आने वाले टेस्ट मैचों में ज्यादा से ज्यादा जीत हासिल करना है. उन्होंने कहा है कि अगले नौ टेस्ट में छह या सात मैच जीतना जरूरी है.
श्रीलंका भी भारत को कड़ी चुनौती देने को तैयार
श्रीलंकाई टीम भी घरेलू मैदान का फायदा उठाकर भारत को कड़ी टक्कर देना चाहेगी. पिछले साल दक्षिण अफ्रीका ने भारतीय जमीन पर भारत को हराकर यह दिखाया था कि उपमहाद्वीप की परिस्थितियों में भी भारतीय टीम को मात दी जा सकती है. श्रीलंका इस बात से अच्छी तरह वाकिफ है.
श्रीलंका की टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज हारकर आ रही है, लेकिन भारतीय टीम में जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी से उसे जरूर राहत मिली होगी. दोनों टीमों के लिए यह सीरीज विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से महत्वपूर्ण है.
बदलाव के दौर में है भारतीय टीम
भारतीय टीम इस समय बदलाव के दौर से गुजर रही है. युवा खिलाड़ियों के सामने स्पिन गेंदबाजी बड़ी चुनौती रही है. ऐसे में शुभमन गिल और उनकी टीम की कोशिश होगी कि पिछली गलतियों से सीख लेकर गॉल में बेहतर प्रदर्शन किया जाए.
गॉल की पिच पर बल्लेबाजों के लिए रन बनाना आसान नहीं होता. यहां स्पिन गेंदबाजों को मदद मिलती है और गेंद में अतिरिक्त उछाल भी देखने को मिल सकता है. ऐसे में बल्लेबाजों को धैर्य के साथ खेलना होगा. समुद्र के पास स्थित होने के कारण यहां हवा भी खेल पर असर डाल सकती है.
मैच कब और कहां खेला जाएगा?
भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट 15 से 19 अगस्त 2026 तक गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा.
कितने बजे शुरू होगा मैच?
मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजे शुरू होगा. टॉस सुबह 9:30 बजे होगा.
टीवी और मोबाइल पर कहां देखें?
भारत में इस सीरीज का सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा. मोबाइल और ऑनलाइन पर मैच सोनीलिव के जरिए देखा जा सकेगा. दूरदर्शन के दर्शक डीडी फ्री डिश पर डीडी स्पोर्ट्स के जरिए मैच देख सकते हैं.
गॉल की पिच और मौसम कैसा रहेगा?
गॉल में मैच के दौरान बारिश की संभावना बनी हुई है. मौसम गर्म और उमस भरा रह सकता है. समुद्र के पास होने के कारण तेज हवाएं भी चल सकती हैं. हवा का असर गेंदबाजों पर देखने को मिल सकता है, खासकर स्पिन गेंदबाज इसका फायदा उठाने की कोशिश करेंगे. शुरुआत में बल्लेबाजों को पिच से कुछ मदद मिलने की उम्मीद है, लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ेगा, स्पिन गेंदबाजों की भूमिका अहम हो सकती है.
श्रीलंका की संभावित प्लेइंग इलेवन
निशान मदुशका, लाहिरु उदारा, दिनेश चांदीमल, कमिंदु मेंडिस, धनंजय डी सिल्वा, निरोशन डिकवेला, सोनल दिनुषा, केशारा नुवंथा, प्रभात जयसूर्या, लाहिरु कुमारा और विश्वा फर्नांडो.
भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन
यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल, ध्रुव जुरेल, ऋषभ पंत, रवींद्र जडेजा, मानव सुथार, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा या गुरनूर बरार. जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में भारत के तेज गेंदबाजी आक्रमण की जिम्मेदारी मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा पर रह सकती है. वहीं स्पिन विभाग में रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव और मानव सुथार को मौका मिलने की संभावना है.
भारत का श्रीलंका के खिलाफ रिकॉर्ड मजबूत
भारत ने श्रीलंका के खिलाफ पिछले 10 टेस्ट मैचों में से आठ में जीत दर्ज की है, जबकि दो मुकाबले ड्रॉ रहे हैं. श्रीलंका ने भारत के खिलाफ आखिरी टेस्ट जीत 2015 में गॉल में ही दर्ज की थी. इसके बाद से भारत के खिलाफ टेस्ट में श्रीलंकाई टीम को जीत नहीं मिली है.
गॉल में टेस्ट क्रिकेट का रिकॉर्ड भी काफी दिलचस्प रहा है. यहां खेले गए ज्यादातर मुकाबलों में नतीजा निकला है और बारिश की वजह से ड्रॉ होने वाले मैचों की संख्या काफी कम रही है. रवींद्र जडेजा के पास भी इस मैच में बड़ी उपलब्धि हासिल करने का मौका है. वह टेस्ट क्रिकेट में 350 विकेट पूरे करने से सिर्फ दो विकेट दूर हैं.
शुभमन गिल ने क्या कहा?
शुभमन गिल ने गॉल की परिस्थितियों में हवा के असर को लेकर कहा कि खुले मैदानों में हवा काफी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है. बल्लेबाजों को स्पिनर के खिलाफ खेलते समय यह देखना होता है कि हवा उनके पक्ष में है या उनके खिलाफ.
धनंजय डी सिल्वा ने क्या कहा?
श्रीलंका के कप्तान धनंजय डी सिल्वा ने गॉल में विकेटकीपिंग को चुनौतीपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि टीम को ऐसे विकेटकीपर की जरूरत थी जो इन परिस्थितियों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सके. टीम प्रबंधन और चयनकर्ताओं से चर्चा के बाद निरोशन डिकवेला को सही विकल्प माना गया.
दोनों टीमों का पूरा दल
भारत: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, शुभमन गिल, देवदत्त पडिक्कल, सरफराज खान, ऋषभ पंत, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, आकिब नबी, ध्रुव जुरेल, गुरनूर बरार और सारांश जैन.
श्रीलंका: निशान मदुशका, लाहिरु उदारा, दिनेश चांदीमल, कमिंदु मेंडिस, धनंजय डी सिल्वा, पसिंदु सूरियाबंदारा, निरोशन डिकवेला, रमेश मेंडिस, प्रभात जयसूर्या, असिथा फर्नांडो, दिलशान मदुशंका, विश्वा फर्नांडो, लाहिरु कुमारा, सोनल दिनुषा, मिलान प्रियनाथ रत्नायके और केशारा नुवंथा.
ये भी पढ़ें- वीरता-सेवा पदकों का ऐलान, पैरामिलिट्री फोर्स में CRPF का दबदबा, मिले 86 सम्मान