धाकड़ फीचर्स, बजट में बेस्ट... लॉन्च हुआ HMD Vibe 2 5G स्मार्टफोन, मिलती है 6000mAh की दमदार बैटरी

स्मार्टफोन बाजार में बजट 5G सेगमेंट की प्रतिस्पर्धा लगातार तेज होती जा रही है और अब HMD ने अपना नया स्मार्टफोन HMD Vibe 2 5G भारतीय बाजार में लॉन्च कर दिया है.

HMD Vibe 2 5G launched with 6000mAh battery check details
Image Source: Social Media

स्मार्टफोन बाजार में बजट 5G सेगमेंट की प्रतिस्पर्धा लगातार तेज होती जा रही है और अब HMD ने अपना नया स्मार्टफोन HMD Vibe 2 5G भारतीय बाजार में लॉन्च कर दिया है. यह फोन पिछले साल आए HMD Vibe 5G का अपग्रेड वर्जन है, जिसमें बड़ी बैटरी, हाई रिफ्रेश रेट डिस्प्ले और AI कैमरा जैसे फीचर्स दिए गए हैं. कंपनी ने इस डिवाइस को उन यूजर्स को ध्यान में रखकर उतारा है जो कम कीमत में लंबे बैटरी बैकअप और 5G कनेक्टिविटी वाला स्मार्टफोन चाहते हैं.

कीमत और कलर ऑप्शन

HMD Vibe 2 5G को भारत में दो स्टोरेज वेरिएंट्स में लॉन्च किया गया है. फोन के 4GB रैम और 64GB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 10,999 रुपये रखी गई है, जबकि 4GB रैम और 128GB स्टोरेज मॉडल को खरीदने के लिए 11,999 रुपये खर्च करने होंगे. कंपनी ने इस डिवाइस को नॉर्डिक ब्लू, कॉस्मिक लैवेंडर और पीच पिंक जैसे आकर्षक कलर ऑप्शन्स में पेश किया है. भारतीय बाजार में इस फोन की सीधी टक्कर Samsung Galaxy M06 5G, POCO C81 और LAVA Shark 5G जैसे बजट 5G स्मार्टफोन्स से मानी जा रही है.

डिस्प्ले और प्रोसेसर

यह स्मार्टफोन एंड्रॉयड 16 पर काम करता है और इसमें 6.7 इंच का एचडी प्लस डिस्प्ले दिया गया है. खास बात यह है कि फोन 120Hz रिफ्रेश रेट के साथ आता है, जिससे स्क्रॉलिंग और गेमिंग अनुभव ज्यादा स्मूद हो जाता है. परफॉर्मेंस के लिए कंपनी ने इसमें 2.3GHz तक क्लॉक स्पीड वाला ऑक्टा-कोर यूनिसोक प्रोसेसर दिया है. फोन में IP64 रेटिंग भी मिलती है, जो इसे डस्ट और हल्के पानी के छींटों से सुरक्षित रखने में मदद करती है.

कैमरा, बैटरी और अन्य फीचर्स

फोटोग्राफी के लिए HMD Vibe 2 5G में AI सपोर्ट वाला डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है, जिसमें 50 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा सेंसर और LED फ्लैश मौजूद है. वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फोन के फ्रंट में 8 मेगापिक्सल का कैमरा मिलता है. डिवाइस में 6000mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो 18W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है और कंपनी बॉक्स में चार्जर भी दे रही है. कनेक्टिविटी के लिए फोन में वाई-फाई 5, ब्लूटूथ 5.0 और यूएसबी टाइप-सी पोर्ट दिया गया है. इसके अलावा फोन में साइड माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर, एक्सेलेरोमीटर, प्रॉक्सिमिटी और एम्बिएंट लाइट सेंसर भी मिलते हैं.

ये भी पढ़ें: 13000mAh बैटरी, 4K डिस्प्ले... मार्केट में आ गया एक और प्रीमियम टैबलेट, जानें कीमत और फीचर्स