Dharmendra Alive: सोशल मीडिया पर बीते कुछ घंटों से दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को लेकर कई तरह की अफवाहें उड़ाई जा रही थीं. किसी ने कहा कि उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है. कई जगह निधन की खबरें भी सामने आई. इस पर अब उनकी पत्नी और मशहूर अभिनेत्री हेमा मालिनी ने कड़ी नाराज़गी जताई है. उन्होंने इन खबरों को “बेहद गैर-जिम्मेदाराना और असंवेदनशील” बताया है.
मंगलवार सुबह हेमा मालिनी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, जो हो रहा है वह अक्षम्य है. कोई जिम्मेदार मीडिया हाउस कैसे किसी ऐसे व्यक्ति के बारे में गलत खबरें फैला सकता है जो इलाज का जवाब दे रहा है और धीरे-धीरे बेहतर हो रहा है? यह न सिर्फ गैर-जिम्मेदाराना है बल्कि बेहद अपमानजनक भी है. कृपया परिवार की निजता और भावनाओं का सम्मान करें. हेमा मालिनी के इस बयान के बाद फैंस ने राहत की सांस ली और सोशल मीडिया पर अभिनेता की जल्द स्वस्थ होने की दुआएं करने लगे.
सोमवार को अस्पताल पहुंचे थे सैकड़ों फैंस
दरअसल, 10 नवंबर की शाम यह खबर सामने आई थी कि धर्मेंद्र की तबीयत नाजुक है और उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इसी बीच रात में कुछ मीडिया चैनलों और सोशल मीडिया अकाउंट्स ने दावा किया कि अभिनेता का निधन हो गया है. यह खबर इतनी तेजी से फैली कि अस्पताल के बाहर सैकड़ों फैंस और मीडिया के लोग इकट्ठा हो गए. हालांकि, देर रात धर्मेंद्र के परिवार की ओर से स्थिति साफ की गई कि वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं और धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं.
बेटी ईशा देओल ने दी पिता की तबीयत पर अपडेट
धर्मेंद्र और हेमा मालिनी की बेटी ईशा देओल ने भी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर करते हुए अफवाहों का खंडन किया. उन्होंने लिखा, कि “पापा की तबीयत में सुधार हो रहा है. कृपया झूठी खबरों पर ध्यान न दें. हमारी परिवार के लिए दुआ करें.” ईशा देओल के इस बयान के बाद फैंस ने राहत जताई और सोशल मीडिया पर ‘गेट वेल सून धर्मेंद्र जी’ ट्रेंड करने लगा.
धर्मेंद्र की हेल्थ पर लगातार नजर रखे हुए हैं डॉक्टर
सूत्रों के मुताबिक, धर्मेंद्र को उम्र से जुड़ी कुछ दिक्कतों के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था. डॉक्टरों ने बताया कि उनकी हालत स्थिर (stable) है और वह उपचार का अच्छा रिस्पॉन्स दे रहे हैं. फिलहाल उन्हें ऑब्जर्वेशन वॉर्ड में रखा गया है ताकि उनकी निगरानी की जा सके.
परिवार ने मीडिया से की अपील
धर्मेंद्र के परिवार की ओर से भी अपील की गई है कि ऐसे संवेदनशील समय में कृपया अपुष्ट या झूठी खबरें न फैलाएं. यह परिवार और उनके चाहने वालों के लिए मानसिक रूप से तकलीफदेह है.
यह भी पढ़ें: हमारी प्राइवेसी का सम्मान करें... ईशा देओल ने धर्मेंद्र के निधन की खबर का किया खंडन, दिया हेल्थ अपडेट