गुरुग्राम में भारी बारिश से हालात खराब, कई इलाकों में भरा पानी, पुलिस बोली- आज वर्क फ्रोम होम करें

हरियाणा के गुरुग्राम में गुरुवार सुबह से लगातार हो रही तेज बारिश ने शहर की रफ्तार रोक दी है. करीब पांच घंटे तक हुई बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव हो गया है.

Heavy rain worsens situation in Gurugram police advise working from home today
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

Gurugram Rains: हरियाणा के गुरुग्राम में गुरुवार सुबह से लगातार हो रही तेज बारिश ने शहर की रफ्तार रोक दी है. करीब पांच घंटे तक हुई बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव हो गया है. सड़कों पर पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और कई जगह ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई है.

गुरुग्राम पुलिस ने लोगों की सुरक्षा को देखते हुए निजी कंपनियों से अपील की है कि वे अपने कर्मचारियों को घर से काम करने की सुविधा दें, ताकि सड़कों पर वाहनों का दबाव कम हो और जाम की स्थिति को नियंत्रित किया जा सके.

सुबह 4 बजे से हो रही बारिश

जानकारी के मुताबिक, गुरुग्राम में सुबह करीब 4 बजे से बारिश शुरू हुई. लगातार बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में पानी भर गया.

सेक्टर-5, सेक्टर-10, शीतला माता रोड, दिल्ली रोड, कृष्णा कॉलोनी, न्यू कॉलोनी, डीएलएफ क्षेत्र, सेक्टर-31 और सेक्टर-51 सहित कई इलाकों में जलभराव की समस्या सामने आई है.

करीब पांच घंटे में गुरुग्राम में लगभग 90 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिसके कारण कई सड़कों पर पानी जमा हो गया और यातायात प्रभावित हुआ.

पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

गुरुग्राम पुलिस ने भारी बारिश को देखते हुए एडवाइजरी जारी की है. पुलिस ने कहा कि लगातार बारिश के कारण शहर की मुख्य सड़कों और चौराहों पर पानी भरने और ट्रैफिक जाम की संभावना बढ़ गई है.

पुलिस ने कॉर्पोरेट कंपनियों और निजी संस्थानों से अपील की है कि वे अपने कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा दें. इससे सड़कों पर वाहनों की संख्या कम होगी और प्रशासन को यातायात संभालने में मदद मिलेगी.

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलें और बारिश के दौरान सावधानी बरतें.

हरियाणा के कई जिलों में बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 12 घंटों में हरियाणा के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई है. पलवल में सबसे ज्यादा 78 मिलीमीटर बारिश हुई.

इसके अलावा गुरुग्राम के नॉर्थकैप यूनिवर्सिटी क्षेत्र में 57 मिलीमीटर, यमुनानगर के हथिनीकुंड बैराज में 32 मिलीमीटर, फतेहाबाद में 26.5 मिलीमीटर, नारनौल में 19 मिलीमीटर और सोनीपत में 18.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई.

भिवानी, हिसार, रोहतक, दादरी, अंबाला, जींद, महेंद्रगढ़, मेवात, सिरसा, करनाल और कैथल समेत कई जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई.

मौसम विभाग ने जताई बारिश की संभावना

चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, प्रदेश के कई हिस्सों में अभी भी बादल छाए हुए हैं. आने वाले समय में कई इलाकों में बारिश जारी रहने की संभावना जताई गई है.

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे जलभराव वाले इलाकों से बचें और मौसम को देखते हुए यात्रा की योजना बनाएं.

ये भी पढ़ें- ब्रह्मोस, अग्नि-5 और K4... भारत की वो तीन मिसाइलें, जिनसे खौफ में रहते हैं दुश्मन! जानें इनकी ताकत