दिल्ली-NCR के मौसम ने ली करवट, तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश, 2 दिन का येलो अलर्ट

Delhi-NCR Weather: दिल्ली और उसके आसपास के क्षेत्रों में बुधवार शाम अचानक मौसम ने करवट ली. नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिनभर ठंडी हवाएं चलती रहीं और हल्की धूप ने गर्मी से राहत दिलाई. हालांकि, शाम होते-होते बादल घेर आए और तेज हवाओं के साथ बारिश हुई.

Heavy rain with winds in Delhi-NCR IMD Yellow alert for 2 days
Image Source: ANI

Delhi-NCR Weather: दिल्ली और उसके आसपास के क्षेत्रों में बुधवार शाम अचानक मौसम ने करवट ली. नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिनभर ठंडी हवाएं चलती रहीं और हल्की धूप ने गर्मी से राहत दिलाई. हालांकि, शाम होते-होते बादल घेर आए और तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे मौसम और भी सुहावना हो गया. इस बदलाव ने दिल्ली, गाजियाबाद और एनसीआर के निवासियों को गर्मी से राहत दी.

मौसम विभाग का पूर्वानुमान

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना जताई है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है. IMD (Indian Meteorological Department) के अनुसार, आने वाले दिनों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और रात के समय आसमान पूरी तरह बादलों से ढक सकता है. विभाग ने हल्की बारिश, बूंदाबांदी, गरज-चमक और तेज हवाओं का भी अनुमान व्यक्त किया है.

तापमान में गिरावट और येलो अलर्ट

बुधवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा अधिक था. गुरुवार और शुक्रवार के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें बीच-बीच में हल्की बारिश और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है. पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण तापमान में गिरावट की उम्मीद जताई जा रही है. गुरुवार को तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि शुक्रवार को यह 27 से 29 डिग्री तक आ सकता है.

अगले दिनों का मौसम

मौसम विभाग ने 20 मार्च को भी इसी तरह का मौसम रहने की संभावना जताई है, जिसमें बादल और हल्की बारिश हो सकती है. वहीं, 21 मार्च से मौसम धीरे-धीरे साफ होने लगेगा और 22 से 24 मार्च के बीच भारी बारिश की संभावना नहीं है.

मार्च की शुरुआत में अत्यधिक गर्मी

इस महीने की शुरुआत में दिल्ली में तापमान काफी अधिक रहा था, और कई दिनों तक 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना रहा. 11 मार्च को तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था. ऐसे में अब हल्की बारिश और तापमान में गिरावट लोगों को गर्मी से राहत प्रदान कर सकती है.

दिल्ली में एयर क्वालिटी

दिल्ली-एनसीआर में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) बुधवार को 200 के पार पहुंच गया, जो खराब श्रेणी में आता है. हालांकि, एयर क्वालिटी मैनेजमेंट कमीशन ने फिलहाल किसी पाबंदी को लागू करने की जरूरत नहीं महसूस की है. इससे पहले, सोमवार को एयर क्वालिटी में सुधार के बाद सभी पाबंदियां हटा दी गई थीं. ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के तहत एयर क्वालिटी इंडेक्स के आधार पर चार चरणों में पाबंदियां लगाई जाती हैं. बुधवार को शाम 4 बजे एयर क्वालिटी इंडेक्स 232 दर्ज किया गया था, जो बाद में घटकर 218 हो गया.

ये भी पढ़ें: दिल्लीवाले हो जाएं सावधान! बदलने वाला है मौसम का मूड, अगले 2 दिन आंधी-तूफान और तेज बारिश का अलर्ट जारी