Uttar Pradesh Heatwave: उत्तर प्रदेश इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में है. प्रदेश के कई जिलों में तापमान लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है. सबसे अधिक तापमान बांदा में दर्ज किया गया, जहां पारा 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. तेज धूप और दिनभर चलने वाली गर्म हवाओं ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया. दोपहर के समय सड़कें लगभग सूनी नजर आईं और लोग घरों में कैद रहने को मजबूर हो गए.
मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार के लिए प्रदेश के 23 जिलों में लू का रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि 13 अन्य जिलों में भीषण गर्मी को लेकर चेतावनी दी गई है. विभाग के मुताबिक कई इलाकों में रात का तापमान भी सामान्य से अधिक बना रहेगा, जिससे लोगों को रात में भी राहत मिलने की उम्मीद कम है.
अगले एक सप्ताह तक राहत के आसार नहीं
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पूर्वी और दक्षिणी उत्तर प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक भीषण लू चलने की संभावना बनी हुई है. वहीं पश्चिमी यूपी के कई जिलों में गर्म रातें लोगों की परेशानी और बढ़ा सकती हैं.
मौसम विभाग ने नागरिकों को सावधानी बरतने की सलाह देते हुए कहा है कि दोपहर के समय बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें. साथ ही शरीर में पानी की कमी न हो, इसके लिए पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थ लेते रहने की सलाह दी गई है. लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट मोड में नजर आ रहा है.
सर्वाधिक तापमान वाले जिले
इन जिलों में है लू का रेड अलर्ट
बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, मिर्जापुर, भदोही, कानपुर देहात, कानपुर नगर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरेया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर व आस पास के क्षेत्र.
इन जिलों में है लू का ऑरेंज अलर्ट
प्रतापगढ़, सोनभद्र, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, उन्नाव, रायबरेली, बागपत, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर, कासगंज व आस पास के क्षेत्र .
ये भी पढ़ें: आसमान से बरस रही 'आग'! UP-दिल्ली में पड़ रही हाहाकार मचाने वाली गर्मी, तापमान ने तोड़े सारे रिकॉर्ड