Weather Update: देशभर में मौसम का मिजाज एक बार फिर दो हिस्सों में बंटा नजर आ रहा है. उत्तर भारत के कई राज्यों में जहां भीषण गर्मी और लू लोगों की परेशानी बढ़ा रही है, वहीं पूर्वोत्तर और कुछ दक्षिणी राज्यों में तेज बारिश और आंधी का दौर जारी है. मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में गर्मी का असर और बढ़ सकता है.
आईएमडी ने राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है. खासकर उत्तर प्रदेश में 19 से 23 मई के बीच गंभीर लू की स्थिति बनने की संभावना जताई गई है.
17 मई को उत्तर प्रदेश का बांदा देश का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का घर से निकलना मुश्किल कर दिया.
दिल्ली-एनसीआर में अभी जारी रहेगा गर्मी का प्रकोप
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में फिलहाल भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं दिख रहे हैं. मौसम विभाग के अनुसार 18 मई को दिल्ली का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
एक दिन पहले यानी 17 मई को दिल्ली में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किया. मौसम विभाग ने दोपहर के समय बेवजह बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है.
मानसून की रफ्तार हुई तेज
भीषण गर्मी के बीच राहत की खबर यह है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है. मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों के दौरान दक्षिण-पूर्व अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के कई हिस्सों में मानसून आगे बढ़ सकता है.
आईएमडी ने अनुमान जताया है कि केरल में मानसून 26 मई के आसपास दस्तक दे सकता है. इसके बाद दक्षिण भारत के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं.
बिहार, झारखंड और ओडिशा में तेज आंधी का अलर्ट
पूर्वी भारत के कई राज्यों में मौसम अचानक बदल सकता है. मौसम विभाग के अनुसार बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है.
बिहार, झारखंड और ओडिशा में 19 और 20 मई को 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है. कई इलाकों में बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है. लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है.
हिमाचल प्रदेश में येलो अलर्ट जारी
पहाड़ी राज्यों में भी मौसम करवट ले सकता है. मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में 19 से 23 मई के बीच तेज हवाएं चलने, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई है. इसे देखते हुए आईएमडी ने येलो अलर्ट जारी किया है.
शिमला, कांगड़ा, कुल्लू, चंबा और आसपास के इलाकों में मौसम खराब हो सकता है. वहीं उत्तराखंड में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहने का अनुमान है और अगले दो दिनों तक बारिश की संभावना कम बताई गई है.
पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश और आंधी का दौर जारी रह सकता है. मौसम विभाग ने इन राज्यों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है.
असम और मेघालय में 22 और 23 मई को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है.
अंडमान-निकोबार और सिक्किम में भी भारी बारिश
आईएमडी ने अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल तथा सिक्किम में भी भारी बारिश की संभावना जताई है. मौसम विभाग के अनुसार इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ लगातार बारिश हो सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है.
मछुआरों के लिए विशेष चेतावनी
मौसम विभाग ने समुद्र में जाने वाले मछुआरों को भी अलर्ट जारी किया है. बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर, केरल और कर्नाटक तट के आसपास समुद्र में तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.
आईएमडी ने 18 से 22 मई के बीच मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है. समुद्री क्षेत्रों में हवा की रफ्तार काफी तेज हो सकती है, जिससे ऊंची लहरें उठने का खतरा बना रहेगा.
ये भी पढ़ें- Sasaram Train Fire: सासाराम प्लेटफॉर्म पर खड़ी ट्रेन में लगी भयंकर आग, यात्रियों में मची अफरा-तफरी