Sasaram Train Fire: बिहार के सासाराम रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब प्लेटफॉर्म पर खड़ी भभुआ-सासाराम-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस की एक जनरल बोगी में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते बोगी से धुआं निकलने लगा और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया. घटना के समय ट्रेन में यात्री मौजूद थे, जिसके बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 6 बजे हुआ. ट्रेन पटना के लिए रवाना होने वाली थी और प्लेटफॉर्म पर खड़ी थी. तभी अचानक एक जनरल कोच से धुआं उठता दिखाई दिया. शुरुआत में लोगों को लगा कि कोई तकनीकी खराबी है, लेकिन कुछ ही मिनटों में आग तेजी से फैलने लगी.
धुआं उठते ही ट्रेन से कूदने लगे यात्री
आग लगने की खबर फैलते ही यात्रियों में दहशत फैल गई. ट्रेन में बैठे लोग जान बचाने के लिए जल्दबाजी में बाहर निकलने लगे. कई यात्री अपना सामान तक छोड़कर प्लेटफॉर्म की ओर भागे. महिलाओं और बच्चों में भी घबराहट का माहौल बन गया.
स्टेशन पर कुछ समय के लिए भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई. हालांकि राहत की बात यह रही कि सभी यात्री समय रहते सुरक्षित बाहर निकल गए और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
देखते ही देखते धधक उठी बोगी
मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि शुरुआती समय में आग पर काबू पाने की कोशिश की गई, लेकिन पर्याप्त संसाधन नहीं होने की वजह से आग तेजी से फैलती चली गई. कुछ ही देर में पूरी बोगी आग की लपटों में घिर गई.
प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि स्टेशन पर लगी फायर सेफ्टी व्यवस्था समय पर काम नहीं कर पाई. लोगों का कहना था कि ट्रेन में री-फिलिंग के लिए बिछाई गई पाइपलाइन में पानी नहीं था और अग्निशमन सिलेंडर भी सही स्थिति में नहीं थे. यदि शुरुआती समय में आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम होते, तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था.
एक कोच पूरी तरह जलकर हुआ खाक
आग इतनी भीषण थी कि इंटरसिटी एक्सप्रेस की एक जनरल बोगी पूरी तरह जलकर खाक हो गई. बाद में रेलवे अधिकारियों ने जली हुई बोगी को ट्रेन से अलग कर दिया. घटना के बाद स्टेशन परिसर में धुएं का गुबार फैल गया, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों में डर का माहौल बन गया.
रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. आग बुझाने के लिए कई दमकल गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया. घंटों की कोशिश के बाद स्थिति सामान्य हो सकी.
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच शुरू
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है. हालांकि घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है.
आरपीएफ निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि हादसे में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है. सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था. उन्होंने कहा कि रेलवे प्रशासन पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है और तकनीकी टीम को भी जांच में लगाया गया है.
ये भी पढ़ें- Fighter Jet Crash: एयर शो के दौरान हवा में भिड़े US नेवी के दो फाइटर जेट, बने आग का गोला, देखें Video