Delhi Weather Update: पिछले कुछ दिनों तक आंधी, बारिश और बादलों की आवाजाही ने दिल्ली-एनसीआर के लोगों को गर्मी से राहत दी थी, लेकिन अब मौसम फिर करवट लेने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में राजधानी में तापमान तेजी से बढ़ सकता है और लोगों को एक बार फिर तेज धूप, गर्म हवाओं और लू का सामना करना पड़ सकता है.
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक 8 जून से दिल्ली-एनसीआर में गर्मी का असर बढ़ने लगेगा. सप्ताह के दौरान अधिकतम तापमान 41 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.
दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी महसूस हो सकती है. हालिया बारिश और आंधी के बाद मौसम में नमी कम हो रही है और शुष्क परिस्थितियां बनने लगी हैं, जिससे गर्मी का प्रभाव और बढ़ सकता है.
फिलहाल बारिश के आसार कम
मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार को आसमान मुख्य रूप से साफ रह सकता है. हालांकि राजधानी के कुछ हिस्सों में आंशिक बादल दिखाई दे सकते हैं और दोपहर या शाम के समय कहीं-कहीं गरज-चमक की स्थिति बन सकती है.
इसके अलावा 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सतही हवाएं चलने की संभावना है. फिलहाल किसी व्यापक या भारी बारिश की चेतावनी जारी नहीं की गई है.
पहले ही दिखने लगा बदलाव
रविवार को भी राजधानी के मौसम में बदलाव देखने को मिला था. अधिकतम तापमान 40 से 41.6 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा अधिक रहा. वहीं न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया गया.
कुछ इलाकों में शाम के समय हल्की बारिश और गरज-चमक देखने को मिली, लेकिन इससे मिली राहत ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी और बाद में गर्मी फिर बढ़ गई.
11 जून के बाद मिल सकती है राहत
मौसम विभाग के अनुसार 8 से 11 जून तक तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है. हालांकि 11 से 13 जून के बीच पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश और आंधी की संभावना बन रही है.
यदि यह सिस्टम सक्रिय रहता है तो लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है, हालांकि इसका असर सभी इलाकों में समान रूप से देखने को नहीं मिलेगा.
स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह
बढ़ती गर्मी और लू को देखते हुए विशेषज्ञों ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी गई है.
बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. धूल और गर्म हवाओं के कारण सांस संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
दिल्ली में कब पहुंचेगा मानसून?
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून जून के अंतिम सप्ताह में दिल्ली-एनसीआर पहुंच सकता है. फिलहाल 25 से 30 जून के बीच मानसून के राजधानी में दस्तक देने की संभावना जताई जा रही है.
तब तक लोगों को प्री-मानसून की छिटपुट बारिश और गर्म मौसम के मिश्रित प्रभाव का सामना करना पड़ सकता है.
ये भी पढ़ें- Weather: मानसून ने पकड़ी रफ्तार, 8 घंटे के अंदर 21 राज्यों में होगी तूफानी आंधी-बारिश, IMD का अलर्ट