मर जाएगा, पिट जाएगा लेकिन... अभिषेक शर्मा की किस जिद पर ऐसा बोले युवराज सिंह?

भारतीय क्रिकेट के मैदान पर गुरु-चेले की कई कहानियाँ सुनने को मिली हैं. सचिन और कोहली, द्रविड़ और रहाणे, धोनी और पंत... लेकिन इन दिनों चर्चा में है एक और जोड़ी युवराज सिंह और अभिषेक शर्मा की. 

He will not give his bat to anyone yuvraj singh reveals abhishek sharma stubbornness
Image Source: Social Media

भारतीय क्रिकेट के मैदान पर गुरु-चेले की कई कहानियाँ सुनने को मिली हैं. सचिन और कोहली, द्रविड़ और रहाणे, धोनी और पंत... लेकिन इन दिनों चर्चा में है एक और जोड़ी युवराज सिंह और अभिषेक शर्मा की. दोनों का रिश्ता सिर्फ खिलाड़ी और मेंटर का नहीं, बल्कि भरोसे और अपनापन का प्रतीक है. युवराज सिंह ने न सिर्फ अभिषेक को खेल की बारीकियां सिखाईं, बल्कि उनके अंदर वो आत्मविश्वास भरा, जो आज उन्हें भारतीय टीम का उभरता सितारा बना रहा है. मगर हाल ही में युवराज सिंह ने अपने इस शिष्य की एक ऐसी “जिद” का खुलासा किया है, जिसने सबको हंसी से लोटपोट कर दिया.

अभिषेक शर्मा की ‘जिद’ का राज

दरअसल, युवराज सिंह ने अपने इंस्टाग्राम इंटरव्यू में अभिषेक शर्मा की एक अनोखी आदत का जिक्र किया  उनका अपने बल्ले को लेकर बेहद जिद्दी होना. युवराज ने मुस्कुराते हुए कहा, “अभिषेक अपने बैट को किसी कीमत पर शेयर नहीं करता. दूसरों की बैट ले लेगा, लेकिन अपना नहीं देगा.” बात सिर्फ एक मज़ाक नहीं, बल्कि युवराज के लहजे में अपनापन भी झलक रहा था. उनके अनुसार, “आप इससे कुछ भी ले लो, मगर इसका बल्ला नहीं ले पाओगे.” इंटरव्यू के दौरान जब ये बातें हो रही थीं, तो अभिषेक खुद भी वहीं मौजूद थे और अपनी इस आदत पर मुस्कुराते नज़र आए.

“मर जाएगा, पिट जाएगा, रो देगा… मगर बल्ला नहीं देगा!”

युवराज सिंह ने आगे मज़ाकिया लहजे में कहा, ये मर जाएगा, पिट जाएगा, रो देगा… लेकिन अपना बल्ला किसी को नहीं देगा. उन्होंने आगे बताया कि अभिषेक के पास अक्सर बैग में कई बल्ले रहते हैं, लेकिन अगर कोई उनसे एक मांग ले, तो वो कहेंगे – “सिर्फ दो बैट हैं.”फिर कुछ देर बाद उन्हीं के बैग से चार और बल्ले निकल आते हैं. युवराज ने हंसते हुए कहा, “मेरे अपने सारे बल्ले तो ये ले गया, लेकिन अपना एक भी नहीं दिया!”

गुरु-चेले की जोड़ी: मैदान से दिल तक का रिश्ता

युवराज सिंह और अभिषेक शर्मा का रिश्ता सिर्फ क्रिकेट तक सीमित नहीं है. पंजाब के मोहाली से शुरू हुआ यह सफर आज भारतीय टीम तक पहुंच चुका है. युवराज ने खुद कई बार कहा है कि अभिषेक और शुभमन गिल उनके सबसे करीब हैं. युवराज ने अपने क्रिकेट अनुभव से इन दोनों को गढ़ा फिटनेस, शॉट चयन, और मानसिक मजबूती के साथ वहीं अभिषेक ने भी कई इंटरव्यू में कहा है कि “युवी पाजी” उनके जीवन के सबसे बड़े गाइड और प्रेरणा हैं. आज जब अभिषेक शर्मा भारतीय टीम की जीत में अहम भूमिका निभा रहे हैं, तो युवराज का गर्व महसूस करना लाज़मी है. लेकिन इस सबके बीच उनकी ये मज़ेदार ‘बैट स्टोरी’ दोनों की दोस्ती और केमिस्ट्री की झलक देती है.

क्रिकेट के मैदान पर गुरु का गर्व

अभिषेक शर्मा आज भारत के उभरते सितारों में से एक हैं. चाहे IPL में उनका दमदार प्रदर्शन हो या अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनकी तेजी से बढ़ती भूमिका — हर जगह युवराज सिंह की ट्रेनिंग का असर झलकता है.युवराज ने कहा था, “मैंने जब क्रिकेट छोड़ा, तब सोचा था कि अब जो कुछ भी सीखा है, उसे युवाओं को सिखाऊं. अभिषेक उनमें से एक है जिसने मेरे हर सुझाव को गंभीरता से लिया.”

यह भी पढ़ें: हम आग और आग हैं”, शुभमन गिल के साथ अपनी जोड़ी पर बोले अभिषेक शर्मा, सूर्या ने भी की तारीफ