Delhi Blast Eco Sports Car: 10 नवंबर को लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए दर्दनाक धमाके ने राजधानी को हिला कर रख दिया था. अब इस मामले में पुलिस को एक महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगा है. फरीदाबाद पुलिस ने लाल रंग की फोर्ड इकोस्पोर्ट कार (DL10CK0458) बरामद की है, जो धमाके में शामिल संदिग्धों से जुड़ी हो सकती है.
दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को ही इस कार को लेकर अलर्ट जारी किया था. पुलिस का शक था कि यह वाहन धमाके के समय संदिग्धों के साथ मौजूद था. इसके बाद पांच टीमें दिल्ली और आसपास के इलाकों में इसकी तलाश में जुट गई थीं. फरीदाबाद पुलिस ने खंदावली गांव के पास खड़ी गाड़ी को पकड़ लिया और अब इसे जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा.
#WATCH | Faridabad, Haryana | CFSL team arrives at Khandawali village, where Faridabad police have seized the red EcoSport DL 10 CK 0458, suspected to be linked to the prime suspect, Dr Umar Un Nabi, in the Delhi blast case. pic.twitter.com/NxwukFRbxG
— ANI (@ANI) November 12, 2025
रजिस्टर्ड मालिकों की जानकारी
जांच में सामने आया कि यह फोर्ड इकोस्पोर्ट पहले पंकज गुप्ता के नाम पर रजिस्टर्ड थी, जबकि वर्तमान में यह उमर नबी के नाम पर दर्ज है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गाड़ी पंकज से उमर तक कैसे पहुँची और क्या बीच में किसी नेटवर्क ने इसका इस्तेमाल किया.
श्रीनगर से दिल्ली तक गाड़ी की यात्रा
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गाड़ी की आखिरी सर्विस 2024 में श्रीनगर में हुई थी. यह जानकारी जांच एजेंसियों के लिए चिंता का कारण बन गई है, क्योंकि इससे यह संकेत मिलता है कि वाहन कश्मीर से दिल्ली तक किसी नेटवर्क के माध्यम से आया होगा.
धमाके वाले दिन की संदिग्ध गतिविधियां
जांच में यह भी पता चला कि धमाके के दिन लाल किला मेट्रो के पास i20 कार के साथ यह लाल इकोस्पोर्ट भी देखी गई थी. दोनों वाहनों की गतिविधियां सीसीटीवी में कैद हैं. इसी वजह से इसे संदिग्ध सूची में शामिल किया गया. दिल्ली पुलिस ने पहले ही उत्तर प्रदेश और हरियाणा पुलिस को भी अलर्ट पर रखा था.
धमाके का असर
10 नवंबर को हुए धमाके में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल हैं. सभी घायलों का इलाज एलएनजेपी अस्पताल में चल रहा है. पुलिस की नजर अब इस गाड़ी के नेटवर्क और संदिग्धों पर है, जिससे पूरे मामले के पर्दे खोलने की उम्मीद है.
यह भी पढे़ं- GST रिफॉर्म का देश में दिखने लगा असर, अक्टूबर में 0.25% रही महंगाई दर, आम जनता को मिली राहत