हरियाणा के किसानों को सैनी सरकार का बड़ा तोहफा, इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर पर मिलेगी 5 लाख की सब्सिडी

खेती को आधुनिक और सस्ता बनाने की दिशा में हरियाणा सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. बढ़ती तेल कीमतों और ईंधन संकट के बीच प्रदेश सरकार अब किसानों को इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर खरीदने पर पांच लाख रुपये तक की सब्सिडी देने जा रही है.

Haryana farmers will get a subsidy of Rs 5 lakh on electric tractors
Image Source: ANI

चंडीगढ़: खेती को आधुनिक और सस्ता बनाने की दिशा में हरियाणा सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. बढ़ती तेल कीमतों और ईंधन संकट के बीच प्रदेश सरकार अब किसानों को इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर खरीदने पर पांच लाख रुपये तक की सब्सिडी देने जा रही है. सरकार का मानना है कि इससे किसानों की खेती की लागत कम होगी और वे पारंपरिक डीजल ट्रैक्टरों पर निर्भरता घटा सकेंगे. इस फैसले को किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है.

सरकार केवल सब्सिडी तक ही सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर बनाने वाली कंपनियों को हरियाणा में ही अपने संयंत्र लगाने के लिए भी प्रेरित कर रही है. इससे किसानों को ट्रैक्टर और उससे जुड़े उपकरण कम कीमत पर मिल सकेंगे, क्योंकि दूसरे राज्यों का अतिरिक्त टैक्स नहीं देना पड़ेगा. साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होने की उम्मीद जताई जा रही है.

इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर का डेमो देखकर सरकार भी हुई प्रभावित

इस नई योजना को जमीन पर उतारने के लिए हरियाणा के उद्योग मंत्री Rao Narbir Singh ने कई इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर कंपनियों के अधिकारियों के साथ बातचीत की. इसी दौरान एक कंपनी की ओर से 45 हार्सपावर वाले इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर का प्रदर्शन भी किया गया. ट्रैक्टर ने खेत में रोटोवेटर लगाकर सफलतापूर्वक जुताई की, जिससे इसकी क्षमता को लेकर चल रही कई आशंकाएं दूर होती दिखाई दीं.

दरअसल किसानों के बीच यह धारणा बनी हुई थी कि इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर भारी उपकरणों का लोड नहीं उठा पाते. खासकर रोटावेटर और ट्रॉली जैसे उपकरणों के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठाए जाते रहे हैं. लेकिन डेमो के दौरान ट्रैक्टर ने बिना किसी परेशानी के खेत में काम करके अपनी ताकत दिखाई.

सरकार देगी बड़ी सब्सिडी

बताया जा रहा है कि 45 हार्सपावर वाला यह इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर फिलहाल करीब 15 लाख रुपये का है. हालांकि सरकार इसकी कीमत दो लाख रुपये तक कम कराने के लिए कंपनियों से बातचीत कर रही है. अगर ऐसा होता है तो किसानों को यह ट्रैक्टर लगभग 13 लाख रुपये में उपलब्ध हो सकेगा.

इसके बाद सरकार पांच लाख रुपये की सब्सिडी देगी, जिससे किसान को केवल आठ लाख रुपये ही खर्च करने होंगे. माना जा रहा है कि इतनी बड़ी राहत मिलने के बाद बड़ी संख्या में किसान इलेक्ट्रिक ट्रैक्टरों की ओर रुख कर सकते हैं.

ये भी पढ़ें: आसमान से बरस रही 'आग'! UP-दिल्ली में पड़ रही हाहाकार मचाने वाली गर्मी, तापमान ने तोड़े सारे रिकॉर्ड