Haryana Lado Lakhsmi Yojana: हरियाणा सरकार ने दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना की चौथी किस्त जारी कर दी है. मंगलवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस किस्त को लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर किया. इस दौरान उन्होंने बताया कि योजना के तहत 9 लाख से ज्यादा बहनों के बैंक खातों में करीब 193 करोड़ रुपये जमा किए गए हैं. अब तक सरकार इस योजना की चार किस्तों में कुल 634 करोड़ रुपये जारी कर चुकी है.
इसके साथ ही वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग और अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि भी लाभार्थियों को दी गई है. मुख्यमंत्री ने बताया कि इन पेंशन योजनाओं के तहत 34 लाख से अधिक लोगों के खातों में करीब 1,098 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए हैं. पेंशन से जुड़ी समस्याओं और आय से संबंधित शिकायतों के सही समाधान के लिए जिलों के एडीसी को जरूरी निर्देश दिए गए हैं.
12 लाख से ज्यादा महिलाओं को दी सब्सिडी
इसके अलावा हर घर-हर ग्रहणी योजना के तहत 12 लाख से ज्यादा महिलाओं को नवंबर और दिसंबर महीने की सब्सिडी दी गई है, जिसके लिए करीब 39 करोड़ रुपये जारी किए गए. मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक प्रोत्साहन योजना में 101 करोड़ रुपये दिए गए हैं. कुल मिलाकर प्रदेश की 18 जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत 56 लाख से ज्यादा लोगों के खातों में 1,431 करोड़ रुपये जमा कराए गए हैं.
पंचायतों को मिलने वाली अनुदान राशि में बढ़ोतरी
वहीं, मुख्यमंत्री ने अनुसूचित जाति के कल्याण के लिए अच्छा काम करने वाली पंचायतों को मिलने वाली अनुदान राशि को 50 हजार रुपये से बढ़ाकर 1 लाख रुपये करने और हर थाने में जांच के लिए अलग इन्वेस्टिगेशन विंग बनाने की भी घोषणा की है.
ये भी पढ़ें: क्या है 14C, जो साइबर अपराधियों के लिए बन रहा काल? गृह मंत्री अमित शाह ने दी जानकारी