चंडीगढ़, न्यूज डेस्क: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल (Manohar Lal Khattar) ने प्रदेश में बढ़ती ठंड के चलते किसानों को आ रही परेशानियों को देखते हुए बड़ा फैसला लिया है. सीएम ने ट्यूबवेलों पर दी जाने वाली बिजली सप्लाई के समय में परिवर्तन किया है. अब किसानों (Haryana Kisan) को दिन के समय में 2 शिफ्टों में बिजली मिलेगी, जिससे किसान रात के बजाय अब दिन के समय में अपने खेतों में पानी दे सकेंगे.
बिजली विभाग के अधिकारियों को दिए निर्देश
सीएम मनोहर लाल ने बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसानों को सुबह 5 बजे से दोपहर 1 बजे तक और सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक बिजली आपूर्ति दी जाए. दरअसल पिछले कुछ दिनों से प्रदेशभर से किसानों द्वारा सरकार को इस परेशानी से अवगत कराया जा रहा था, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने यह निर्णय लिया है. सरकार के इस निर्णय से किसानों को बहुत बड़ा लाभ होगा.
किसान नेता ने लगाया था आरोप
बता दें कि, किसान नेता सतपाल सतपाल कौशिक ने आरोप लगाया था कि सरकार किसानों को प्रताड़ित कर रही है. उन्होंने सरकार से मांग की थी कि ' गेहूं में सिंचाई के लिए 8 घंटे दिन के समय बिजली दी जाए. किसान फसल में सिंचाई के लिए रात भर खेत में रहता है, जिसकी वजह से बीमार हो रहा है.' वहीं उन्होंने ये बिजली निगम के अधिकारियों को भी किसानों की ओर ध्यान देनी की मांग की थी.