चंडीगढ़, न्यूज डेस्क: मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर (CM Manohar Lal Khattar) ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए विकसित भारत संकल्प यात्रा (Viksit Bharat Sankalp Yatra) में भागीदारी लोगों से संवाद किया. इस दौरान सीएम ने कहा- 'आज देश व प्रदेश में पात्र नागरिकों को सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ स्वतः उनके घर द्वार पर मिल रहा है. पूर्व की सरकारों की तरह लोगों को अब सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ते हैं.'
'हम सभी को मिलकर पूरा करना होगा'- सीएम मनोहर
सीएम ने आगे कहा कि- 'देशभर में चल रही विकसित भारत संकल्प यात्रा उन लोगों तक पहुंचने का एक बड़ा माध्यम है जो किसी वजह से अभी तक सरकारी योजनाओं से नहीं जुड़ पाए हैं. उन्होंने नागरिकों से अनुरोध किया कि यात्रा में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करें.' पीएम मोदी के संकल्प को पूरा करने के लिए यह यात्रा अहम भूमिका निभा रही है. प्रधानमंत्री ने विजन रखा है कि आने वाले 25 साल यानी की जब देश को आजाद हुए 100 साल पूरे हो जाएंगे तब साल 2047 में भारत भी विकसित राष्ट्र की श्रेणी में आए. जहां हर नागरिक की आवश्यकता पूरी हो.' सीएम खट्टर ने कहा कि इस सपने को पूरा हम सभी को मिलकर करना होगा.
विकसित श्रेणी में आते हैं 37 देश
आज दुनिया के लगभग 200 देशों में 37 देश ऐसे हैं जो विकसित श्रेणी में आते हैं. सीएम मनोहर ने बताया कि हरियाणा में 7 स्टार विकास की दिशा में बढ़ रहे हैं यानि शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, स्वाभिमान, स्वावलंबन, सेवा और सुशासन. इसके आधार पर ही नागरिकों को बहुत सी सेवाएं दी जा रही हैं. विपक्ष पर हमला बोलते हुए सीएम ने कहा कि- ' पिछली सरकारों की छोटी सोच ने समाज को बहुत ही समस्याओं में डाल दिया. इनमें मुख्यतः थ्री-सी हैं, यानि करप्शन, क्राइम और कास्ट बेस्ड पॉलिटिक्स. पिछली सरकारों ने लोगों को जातिगत राजनीति में झोंक दिया और जातियों में बांट कर रख दिया.' उन्होंने कहा कि साल 2014 में हमारी सरकार ने हरियाणा एक-हरियाणवी एक का नारा दिया.'