Harbhajan Singh On Bangladesh: बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को लेकर शुरू हुआ विवाद अब लगातार गहराता जा रहा है. इस मुद्दे ने केवल इंडियन प्रीमियर लीग तक ही सीमित न रहकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और कूटनीतिक माहौल को भी प्रभावित करना शुरू कर दिया है. हालात यहां तक पहुंच गए हैं कि बांग्लादेश ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अपनी टीम भारत भेजने से इनकार कर दिया है. इस फैसले के बाद क्रिकेट जगत में हलचल मच गई है.
इस पूरे मामले पर भारत के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर हरभजन सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में हरभजन सिंह ने कहा कि बांग्लादेश की मौजूदा स्थिति चिंताजनक है और वहां जो कुछ भी हो रहा है, वह सही नहीं है. उन्होंने कहा कि बांग्लादेश की टीम भारत नहीं आना चाहती, यह उनका निर्णय है, लेकिन इस पर अंतिम फैसला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद यानी ICC को करना होगा.
#WATCH | Dubai | On Bangladesh formally requesting the International Cricket Council (ICC) to consider relocating their 2026 Men’s T20 World Cup matches to a venue outside India, former Indian cricketer Harbhajan Singh says, "Due to the various events that have taken place in the… pic.twitter.com/hYSy3z4CnR
— ANI (@ANI) January 5, 2026
हरभजन सिंह का बांग्लादेश पर तंज
हरभजन सिंह ने यह भी साफ किया कि भारत हमेशा मेहमान टीमों का स्वागत करता है. उनका कहना था कि भारत में क्रिकेट खेलने के लिए सभी टीमों का खुले दिल से स्वागत किया जाता है, लेकिन कोई टीम यहां आना चाहती है या नहीं, यह उसका अपना फैसला है. उनके इस बयान को बांग्लादेश के रुख पर एक सधा हुआ लेकिन तीखा कटाक्ष माना जा रहा है.
IPL 2026 ऑक्शन से शुरू हुआ विवाद
इस पूरे विवाद की जड़ IPL 2026 के मेगा ऑक्शन से जुड़ी है. कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुस्तफिजुर रहमान को 9.2 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था. हालांकि इसी दौरान बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा और उत्पीड़न की खबरें सामने आने लगीं.
इन घटनाओं के चलते भारत में सोशल मीडिया और कई वर्गों में KKR के इस फैसले का कड़ा विरोध शुरू हो गया. कुछ लोगों ने फ्रैंचाइजी पर गंभीर आरोप लगाए और यहां तक कि उसे ‘एंटी नेशनल’ जैसे शब्दों का सामना करना पड़ा. विवाद इतना बढ़ गया कि मामला सीधे बीसीसीआई तक पहुंच गया.
BCCI के निर्देश पर KKR ने किया मुस्तफिजुर को रिलीज
बढ़ते दबाव और हालात को देखते हुए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने कोलकाता नाइट राइडर्स को स्पष्ट निर्देश दिए कि मुस्तफिजुर रहमान को टीम से रिलीज किया जाए. इसके बाद KKR ने आधिकारिक रूप से रहमान को रिलीज करने की घोषणा कर दी. यह फैसला क्रिकेट से ज्यादा मौजूदा परिस्थितियों और संवेदनशील हालात को ध्यान में रखकर लिया गया बताया गया.
बांग्लादेश सरकार और BCB का कड़ा फैसला
मुस्तफिजुर रहमान को IPL से रिलीज किए जाने के बाद बांग्लादेश में इस फैसले को लेकर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली. बांग्लादेश सरकार के निर्देश पर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने बड़ा कदम उठाते हुए घोषणा की कि वह अपनी राष्ट्रीय टीम को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत नहीं भेजेगा.
इस फैसले ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक नई बहस को जन्म दे दिया है. अब यह सवाल उठ रहा है कि बांग्लादेश के मैच भारत में ही होंगे या फिर उन्हें किसी अन्य देश में शिफ्ट किया जाएगा. इस पर अंतिम निर्णय ICC को लेना है.
BCCI सचिव देवजीत सैकिया की प्रतिक्रिया
इस पूरे मामले पर बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया भी अपनी प्रतिक्रिया दे चुके हैं. उन्होंने कहा कि परिस्थितियों को देखते हुए मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने का फैसला लिया गया है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अगर जरूरत पड़ी तो KKR को उचित रिप्लेसमेंट खिलाड़ी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि टीम की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता पर कोई असर न पड़े. देवजीत सैकिया के मुताबिक, यह फैसला पूरी तरह हाल की घटनाओं और संवेदनशील माहौल को ध्यान में रखकर लिया गया है, न कि खिलाड़ी की काबिलियत पर सवाल उठाते हुए.
ICC के फैसले पर टिकी नजरें
अब इस पूरे विवाद का भविष्य ICC के निर्णय पर निर्भर करता है. यह देखना अहम होगा कि ICC बांग्लादेश की मांग को स्वीकार करता है या फिर उसे भारत में खेलने के लिए राजी किया जाता है. फिलहाल इतना तय है कि मुस्तफिजुर रहमान से शुरू हुआ यह विवाद क्रिकेट के दायरे से बाहर निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन चुका है.
ये भी पढ़ें- रोहित शर्मा के सामने फैन ने किया ऐसा काम, देखकर गुस्से से आगबबूला हो गए 'हिटमैन', देखें वीडियो