जिस फिल्म को नहीं मिली ओपनिंग, वही अब कर रही छप्परफाड़ कमाई; बॉक्स ऑफिस पर 'हनुमान अंश' का कमाल

Hanuman Ansh Collection: बॉक्स ऑफिस पर फिल्मों की किस्मत कब पलट जाए, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल होता है. नीम करोली बाबा की जिंदगी पर बनी फिल्म 'हनुमान अंश' ने भी कुछ ऐसा ही कर दिखाया है.

hanuman-ansh-box-office-collection-budget-hit-film
Image Source: Social Media

Hanuman Ansh Collection: बॉक्स ऑफिस पर फिल्मों की किस्मत कब पलट जाए, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल होता है. नीम करोली बाबा की जिंदगी पर बनी फिल्म 'हनुमान अंश' ने भी कुछ ऐसा ही कर दिखाया है. 7 अगस्त 2026 को बिना किसी बड़े प्रमोशन के रिलीज हुई इस फिल्म की शुरुआत बेहद धीमी रही थी. पहले दिन महज 10 लाख रुपये की कमाई करने वाली फिल्म ने दो हफ्तों में करीब 1.48 करोड़ रुपये जुटाए, लेकिन तीसरे हफ्ते में अचानक इसकी कमाई में जबरदस्त उछाल देखने को मिला.

तीसरे हफ्ते में आया कमाई का तूफान

सैकनिल्क के मुताबिक, तीसरे हफ्ते में 'हनुमान अंश' ने करीब 10.40 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. इसके बाद चौथे शुक्रवार को फिल्म ने 6.25 करोड़ रुपये कमाए, जिससे भारत में इसकी कुल नेट कमाई 18.13 करोड़ रुपये पहुंच गई. खास बात यह है कि फिल्म का बजट करीब 2 करोड़ रुपये बताया जा रहा है. ऐसे में 'हनुमान अंश' ने अपनी लागत निकालने के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर अच्छा मुनाफा भी कमा लिया है. हालांकि, 'टॉक्सिक' की रिलीज के चलते फिल्म की कमाई पर असर भी पड़ा है.

नीम करोली बाबा की कहानी ने खींचे दर्शक

'हनुमान अंश' की कहानी नीम करोली बाबा के जीवन और उनकी आध्यात्मिक शिक्षाओं पर आधारित है. सितंबर 1973 में उनका निधन हुआ था और उत्तर प्रदेश के वृंदावन में उनके नाम पर एक आश्रम भी है. फिल्म में शोभिनव सत्या ने नीम करोली बाबा यानी महाराज जी का किरदार निभाया है, जिसकी सोशल मीडिया पर काफी सराहना हो रही है. फिल्म से जुड़ी कहानी और बाबा के प्रति लोगों की आस्था को दर्शकों से मिल रहे समर्थन की एक बड़ी वजह माना जा रहा है.

चौथे शनिवार को बड़ी कमाई की उम्मीद

फिल्म के चौथे शनिवार को भी मजबूत प्रदर्शन करने की उम्मीद जताई जा रही है. रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म करीब 8 से 9 करोड़ रुपये तक का कलेक्शन कर सकती है. खबर लिखे जाने तक शनिवार को फिल्म ने 5.07 करोड़ रुपये कमा लिए थे और शाम-रात के शोज में दर्शकों की संख्या बढ़ने पर यह आंकड़ा और ऊपर जा सकता है. विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में शोभिनव सत्या के अलावा विहान शेडगे, चंदन के. आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल रस्तोगी, गुलशन पांडे और अन्य कलाकार नजर आए हैं.

ये भी पढ़ें: शेरोन वर्मा को बिहारी बोलकर समय रैना ने मारा ताना, कॉमेडियन के जवाब ने जीत लिया दिल, देखें VIDEO