बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों ‘हनुमान अंश’ की कमाई का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. रिलीज के कई हफ्तों बाद भी फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में कामयाब है और लगातार नए रिकॉर्ड अपने नाम कर रही है. फिल्म ने वर्ल्डवाइड 300 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है, जबकि भारत में भी इसकी कमाई 250 करोड़ रुपये के करीब पहुंच गई है. अब फिल्म ने भक्ति फिल्मों की कमाई के मामले में भी बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है.
44वें दिन भी जारी रहा कमाई का सिलसिला
‘हनुमान अंश’ की शुरुआत भले ही धीमी रही हो, लेकिन तीसरे हफ्ते के बाद फिल्म की कमाई में जबरदस्त उछाल देखने को मिला. सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने पहले हफ्ते 1.08 करोड़ और दूसरे हफ्ते 0.40 करोड़ रुपये कमाए थे. इसके बाद तीसरे हफ्ते 10.40 करोड़, चौथे हफ्ते 61 करोड़ और पांचवें हफ्ते 90.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. छठे हफ्ते फिल्म ने 80.25 करोड़ रुपये कमाए, जबकि सातवें हफ्ते के 43वें दिन इसका कलेक्शन करीब 5 करोड़ रुपये बताया गया.
‘महावतार नरसिम्हा’ का रिकॉर्ड भी टूटा
‘हनुमान अंश’ ने भक्ति फिल्मों के बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड में भी बड़ा बदलाव किया है. कोईमोई के अनुसार, फिल्म ने ‘महावतार नरसिम्हा’ के लाइफटाइम इंडिया नेट कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है. ‘महावतार नरसिम्हा’ ने भारत में 247.96 करोड़ रुपये का लाइफटाइम नेट कलेक्शन किया था, जबकि ‘हनुमान अंश’ 44 दिनों में 253.56 करोड़ रुपये तक पहुंच गई. इस प्रदर्शन के साथ फिल्म ने बॉलीवुड की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भक्ति फिल्मों में अपनी जगह बना ली है.
2026 की टॉप फिल्मों में शामिल हुई फिल्म
कमाई के आंकड़ों की बात करें तो ‘हनुमान अंश’ साल 2026 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में भी शामिल हो गई है. फिल्म ने दुनियाभर में 300 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया है. इसके साथ ही फिल्म ने ‘भूत बंगला’ और ‘धमाल 4’ जैसी फिल्मों के बॉक्स ऑफिस आंकड़ों को भी पीछे छोड़ दिया है. सातवें हफ्ते में भी फिल्म की कमाई जारी रहना इसके लंबे समय तक सिनेमाघरों में टिके रहने की ओर इशारा करता है.
देखिए टॉप 10 की लिस्ट
1. धुरंधर 2- 1850.85 करोड़
2. बॉर्डर 2- 485.3 करोड़
3. हनुमान अंश- 316.30 करोड़ (43 दिन)
4. मिर्जापुर द मूवी- 296.14 करोड़
5. भूत बंगला- 292.64 करोड़
6. धमाल 4- 236.43 करोड़
7. आवारापन 2- 217.64 करोड़
8. वेलकम टू द जंगल- 196.1 करोड़
9. कॉकटेल 2- 166.29 करोड़
10. ओ रोमियो- 123.1 करोड़
बाबा नीम करौली के जीवन से प्रेरित है कहानी
‘हनुमान अंश’ की कहानी बाबा नीम करौली के जीवन से प्रेरित बताई गई है. फिल्म में आध्यात्मिकता और भक्ति से जुड़े पहलुओं को कहानी के केंद्र में रखा गया है. दर्शकों की ओर से फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिला है और कहानी के साथ-साथ इसके गानों को भी पसंद किया जा रहा है. यही वजह है कि रिलीज के कई सप्ताह बाद भी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए हुए है.
ये भी पढ़ें: Deepika Padukone: दीपिका-रणवीर के घर फिर गूंजी किलकारी, एक्ट्रेस ने बेबी गर्ल को दिया जन्म