CBSE Cyber Attack: सीबीएसई के 12वीं कक्षा के री-इवैल्यूएशन पोर्टल पर छात्रों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है. उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन के लिए बड़ी संख्या में छात्र आवेदन कर रहे हैं. इस बीच बोर्ड ने बताया कि पोर्टल को हाल के दिनों में कई साइबर हमलों का भी सामना करना पड़ा, लेकिन इसके बावजूद आवेदन प्रक्रिया सुचारु रूप से जारी रही.
बोर्ड के अनुसार, वर्तमान में पोर्टल एक समय में 8,000 से अधिक यूजर्स को संभालने में सक्षम है. मंगलवार दोपहर 3 बजे तक 16,000 से ज्यादा छात्र सफलतापूर्वक अपने री-इवैल्यूएशन आवेदन जमा कर चुके थे.
साइबर हमलों के बीच जारी रही सेवाएं
सीबीएसई ने जानकारी दी कि छात्रों की बढ़ती संख्या के साथ कुछ असामाजिक तत्वों ने पोर्टल की कार्यप्रणाली को प्रभावित करने की कोशिश की. हालिया साइबर हमले के दौरान मात्र दो मिनट के भीतर पोर्टल पर करीब 15 लाख हिट्स दर्ज की गईं.
इसके अलावा एक लाख से अधिक बार अनधिकृत रूप से सिस्टम और फाइलों तक पहुंच बनाने का प्रयास किया गया. हालांकि, बोर्ड की साइबर सुरक्षा टीम लगातार निगरानी करती रही और सभी प्रयासों को विफल करते हुए पोर्टल को सामान्य रूप से संचालित रखा.
Update from our Cybersecurity Teams:
— CBSE HQ (@cbseindia29) June 2, 2026
The CBSE revaluation portal is currently supporting over 8,000 concurrent users. As of 3:00 PM today, more than 16,000 students have successfully completed their submissions.
While thousands of students accessed the CBSE re-evaluation portal…
तकनीकी टीम 24 घंटे कर रही निगरानी
सीबीएसई का कहना है कि छात्रों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए तकनीकी विशेषज्ञों की टीम चौबीसों घंटे पोर्टल की निगरानी कर रही है. साइबर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया गया है ताकि आवेदन प्रक्रिया प्रभावित न हो.
छात्रों के सुझावों पर किए गए बदलाव
बोर्ड ने छात्रों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर पोर्टल में कई महत्वपूर्ण सुधार भी किए हैं. सबसे बड़ा बदलाव सेशन टाइम लिमिट बढ़ाने का है, जिससे छात्रों को आवेदन भरने, दस्तावेज अपलोड करने और भुगतान प्रक्रिया पूरी करने के लिए पहले से अधिक समय मिल सके. इन सुधारों के बाद आवेदन प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सहज और उपयोगकर्ता-अनुकूल हो गई है.
छात्रों की जानकारी पूरी तरह सुरक्षित
सीबीएसई ने दोहराया है कि उसका उद्देश्य छात्रों को सुरक्षित और भरोसेमंद डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराना है. बोर्ड ने छात्रों और अभिभावकों को आश्वस्त किया है कि उनकी व्यक्तिगत जानकारी और आवेदन संबंधी डेटा पूरी तरह सुरक्षित है.
बोर्ड ने कहा कि री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया को बिना किसी बाधा के संचालित करने के लिए सभी आवश्यक तकनीकी और सुरक्षा उपाय लागू किए गए हैं. साइबर सुरक्षा और तकनीकी टीमें लगातार सतर्क हैं ताकि छात्र बिना किसी परेशानी के अपनी आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकें.
ये भी पढ़ें- माफिया और मच्छर दोनों को समाप्त... कुशीनगर में जमकर गरजे सीएम योगी, फाजिलनगर का नाम भी बदला