CM yogi In Kushinagar: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुशीनगर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने प्रदेश में कानून-व्यवस्था, विकास और रोजगार के मुद्दों पर अपनी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि बीते वर्षों में उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदलने का काम हुआ है. इस दौरान उन्होंने फाजिलनगर का नाम बदलकर ‘पावागढ़’ करने की घोषणा भी की.
पिछली सरकारों पर साधा निशाना
सीएम योगी ने कहा, "पहले यूपी में जंगल पार्टी का आतंक था. कुशीनगर में 9 साल पहले भूख से मौत होती थी. पिछली सरकारों के पाप से गरीब भूख से मर रहा था. आम जनता माफिया से परेशान थी. यूपी के अंदर कोई सुविधा नहीं थी. बाहर पहचान का संकट था."
उन्होंने कहा कि कुशीनगर उन क्षेत्रों में शामिल था जो सबसे अधिक प्रभावित थे. मुख्यमंत्री ने कहा, "कुशीनगर जंगल पार्टी से सबसे ज्यादा प्रभावित था. जंगल पार्टी के राज में न बिजली थी, न पानी. हमने माफिया और मच्छर दोनों को समाप्त किया. मच्छर बीमारी लाता था और माफिया बेरोजगारी. बीमारी और बेरोजगारी की समस्या का समाधान करके आज उत्तर प्रदेश में जब कोई नौकरी निकलती है तो उसमें हमारे कुशीनगर के नौजवान भी नियुक्ति पत्र प्राप्त करते हैं."
#WATCH | Kushinagar | Uttar Pradesh Chief Yogi Adityanath says, “Every government has their own vision… No one used to think about development before 2022. Tamkuhi Raj was reduced to a mere object of ridicule here. Today, however, I can say that under the Tamkuhi Raj, the local… pic.twitter.com/C1BX64zz9Z
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) June 2, 2026
डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार ने प्रदेश के विकास को नई दिशा दी है. उन्होंने कहा, "डबल इंजन की सरकार ने यूपी की तस्वीर बदली. हर सरकार का अपना एक विजन होता है. 2022 से पहले कोई भी विकास के बारे में नहीं सोचता था." उन्होंने तमकुही राज क्षेत्र का जिक्र करते हुए कहा कि अब स्थानीय जनप्रतिनिधि विकास योजनाओं को जमीन पर उतारने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं.
सीएम योगी ने कहा, "यहां तमकुही राज को महज मजाक का पात्र बनाकर रख दिया गया था. मगर आज मैं यह कह सकता हूं कि तमकुही राज के अंतर्गत, स्थानीय विधायक पूरी लगन से काम करते हैं, विभिन्न योजनाएं लेकर आते हैं और सांसद भी इसमें सक्रिय भूमिका निभाते हैं. विधायक और सांसद मिलकर काम करते हैं ताकि आपकी मांगों को जमीनी हकीकत में बदला जा सके."
फाजिलनगर को मिलेगी नई पहचान
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने फाजिलनगर के नाम परिवर्तन का भी ऐलान किया. उन्होंने कहा, "फाजिलनगर का नाम बदला जाएगा. इसका नाम पावागढ़ होगा. हम फाजिल क्यों कहें?"
इसके साथ ही उन्होंने कहा, "हमने अब फाजिलनगर का नाम बदलने का प्रस्ताव रखा है. अब इसे फाजिलनगर के नाम से नहीं जाना जाएगा बल्कि हम इसे भगवान महावीर को श्रद्धांजलि के रूप में ‘पावागढ़’ के तौर पर एक नई पहचान देने जा रहे हैं. पावागढ़ का नाम, उसकी परंपरा और संस्कृति अब पूरे देश और दुनिया तक पहुंचेगी, जो भगवान महावीर की विरासत से अटूट रूप से जुड़ी होगी."
राम मंदिर और समाजवादी पार्टी पर भी बोले
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में समाजवादी पार्टी पर भी हमला बोला. उन्होंने कहा, "समाजवादी पार्टी घोषित रामद्रोही है." राम मंदिर आंदोलन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, "हमने उद्घोष किया था कि रामलला हम आएंगे, मंदिर वही बनाएंगे."
कुशीनगर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विकास, रोजगार, सांस्कृतिक विरासत और क्षेत्रीय पहचान से जुड़े मुद्दों पर अपनी सरकार की प्राथमिकताओं को भी सामने रखा.
ये भी पढ़ें- El Nino: गर्मी, सूखा, कम बारिश... दुनियाभर में बदलेगा मौसम का मिजाज, भारत पर क्या होगा अल नीनो का असर?