Gurugram: महिला बाइक राइडर को टक्कर मारने वाला आरोपी गिरफ्तार, राजस्थान से पकड़ा गया कल्याण बैसला

गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक राइडर को कार से टक्कर मारने के मामले में पुलिस ने आरोपी कल्याण बैसला को राजस्थान के दौसा से हिरासत में लिया है, मामले में हत्या के प्रयास की धारा भी जोड़ी गई है.

gurugram-woman-rider-car-hit-accused-held-dausa-rajasthan
Image Source: Internet

Gurugram Road Accident: गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक राइडर को कार से टक्कर मारने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए आरोपी कल्याण बैसला को राजस्थान के दौसा से हिरासत में ले लिया है. आरोपी की तलाश में गुरुग्राम पुलिस की टीम राजस्थान पहुंची थी, जहां से उसे पकड़ा गया. अब पुलिस उसे दौसा से गुरुग्राम लाकर पूरे मामले में पूछताछ करेगी.

वायरल वीडियो से खुला पूरा मामला

यह मामला रविवार, 13 सितंबर की सुबह का है, जब गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक राइडर सिया को कार से टक्कर मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था. वीडियो सामने आने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लिया और थाना सेक्टर-56 में केस दर्ज किया. इसके बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान करने के साथ उसकी तलाश शुरू कर दी.

CCTV फुटेज खंगालने के बाद बढ़ीं धाराएं

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और उसके आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. वायरल वीडियो और CCTV फुटेज की बारीकी से जांच के बाद पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास की धारा 109 BNS भी जोड़ दी. इसके बाद आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम राजस्थान पहुंची और दौसा से कल्याण बैसला को हिरासत में ले लिया.

रुकने का इशारा किया नहीं रुकी तो मारी टक्कर

सिया स्पोर्ट्स बाइक राइडर हैं और घटना वाले दिन रविवार सुबह अपने दोस्तों के साथ राइड पर निकली थीं. आरोप है कि गोल्फ कोर्स रोड पर कार सवार युवक ने उन्हें रुकने का इशारा किया था. सिया के नहीं रुकने पर कार चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि सिया सड़क पर गिर गईं.

बताया जा रहा है कि पूरी घटना उनकी बाइक पर लगे एक्शन कैमरे में रिकॉर्ड हो गई थी. यही वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की.

आरोपी से अब होगी पूछताछ

कल्याण बैसला के हिरासत में आने के बाद पुलिस अब उससे घटना के पीछे की वजह, महिला बाइक राइडर को टक्कर मारने की पूरी घटना और वारदात के बाद फरार होने को लेकर पूछताछ करेगी. पुलिस यह भी जानने की कोशिश करेगी कि आखिर किस वजह से आरोपी ने सिया की बाइक को टक्कर मारी. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

ये भी पढ़ें- Gurugram: पलक झपकते ही कार ने महिला बाइकर को उड़ाया, गुरुग्राम में खुलेआम दबंगई, कैमरा बना गवाह