Gurugram Hit and Run Case: गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर रविवार को एक महिला बाइकर को कार से टक्कर मारकर फरार होने का मामला सामने आया है. हादसे में सिया नाम की बाइक राइडर घायल हो गईं. टक्कर इतनी तेज थी कि वह मोटरसाइकिल से सड़क पर जा गिरीं, जबकि उनकी बाइक कई मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई. घटना का वीडियो बाइक पर लगे कैमरे में रिकॉर्ड हो गया, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
बाइकिंग ग्रुप के साथ जा रही थीं सिया
सिया अपनी अप्रिलिया आरएस 457 स्पोर्ट्स बाइक से अपने बाइकिंग ग्रुप के साथ गोल्फ कोर्स रोड से गुजर रही थीं. उनका आरोप है कि राइड शुरू होने के बाद से ही एक कार में सवार कुछ लोग उनका पीछा कर रहे थे. सिया के मुताबिक, कार सवार लगातार उनकी बाइक के करीब आने की कोशिश कर रहे थे और उनका व्यवहार भी आक्रामक था.
सिया ने बताया कि जब कार उनके काफी करीब आ गई तो उन्होंने कार सवारों से दूरी बनाए रखने को कहा. इसके बावजूद उन्होंने बाइक रोकने के लिए कहा. सिया का यह भी दावा है कि कार में बैठे लोग नशे में नजर आ रहे थे. कुछ देर बाद कार आगे निकल गई और फिर उनकी बाइक को साइड से टक्कर मार दी.
कैमरे में कैद हुआ पूरा हादसा
हादसे का पूरा घटनाक्रम सिया की बाइक पर लगे कैमरे में रिकॉर्ड हुआ है. वीडियो में कार के बाइक को टक्कर मारने के बाद सिया के गिरने और मोटरसाइकिल के सड़क पर घिसटने का दृश्य दिखाई दे रहा है. हादसे के बाद कार चालक मौके पर रुके बिना वहां से फरार हो गया. सिया ने घटना से जुड़ा वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया है. उन्होंने कार की जानकारी भी सोशल मीडिया पर पोस्ट की है. उनके मुताबिक, कार का नंबर HR30Y4949 है और वाहन के रजिस्ट्रेशन मालिक का नाम मनीष बताया गया है.
वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस की जांच
मामले का वीडियो सामने आने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने इसका संज्ञान लिया है. पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो के आधार पर घटना की जांच की जा रही है. पुलिस आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने की कोशिश में जुटी है.
सोशल मीडिया पर राइडर के समर्थन में लोग
हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया. कई यूजर्स ने सिया के समर्थन में आवाज उठाते हुए आरोपी कार चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. सोशल मीडिया यूजर्स ने दिल्ली पुलिस, गुरुग्राम पुलिस, गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस और हरियाणा पुलिस को टैग कर मामले की जांच और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की अपील भी की है.
ये भी पढ़ें- हिसार में दर्दनाक सड़क हादसा, कार-ट्रैक्टर की भीषण टक्कर में चाची-भतीजे की मौत, 3 घायल