Hisar Car Tractor Crash: हरियाणा के अग्रोहा-बरवाला रोड पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. बालक चौपटा-किरोड़ी मार्ग के पास आल्टो कार और ट्रैक्टर की आमने-सामने टक्कर हो गई. हादसे में कार सवार एक ही परिवार के दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
मृतकों की पहचान भिवानी के बड़वा गांव निवासी कविता और उनके भतीजे चिराग के रूप में हुई है. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया.
अंतिम संस्कार से लौट रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, बड़वा गांव के रमेश, उनके ताऊ ताराचंद, चाची रामरती, कविता और भाई चिराग आल्टो कार से फतेहाबाद के नहला गांव गए थे. परिवार के लोग कविता के पिता के अंतिम संस्कार में शामिल होने वहां पहुंचे थे.
अंतिम संस्कार के बाद सभी लोग कार से वापस अपने गांव बड़वा लौट रहे थे. इसी दौरान बालक चौपटा-किरोड़ी के पास उनकी कार सामने से आ रहे ट्रैक्टर से टकरा गई.
टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त
कार और ट्रैक्टर की टक्कर इतनी तेज थी कि आल्टो कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. राहगीरों और पुलिस की मदद से कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला गया और इलाज के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने कविता और चिराग को मृत घोषित कर दिया. वहीं रमेश, ताराचंद और रामरती का इलाज चल रहा है.
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
हादसे की सूचना मिलने के बाद अग्रोहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया है. शवों का पोस्टमार्टम शनिवार को किया जाएगा. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. मृतका कविता के एक बेटा और एक बेटी है. उनके पति मुकेश इलेक्ट्रिशियन हैं और कुछ समय पहले हाई टेंशन तार की चपेट में आने से घायल हुए थे. उनका इलाज अभी चल रहा है. वहीं हादसे में जान गंवाने वाला चिराग अविवाहित था. एक ही परिवार के दो लोगों की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है.
ये भी पढ़ें- बार-बार जमीन मांगी, नहीं दिया... चिकन नेक कॉरिडोर पर अमित शाह का ममता बनर्जी पर वार, जानें क्या कहा