सुबह हो या शाम, चाय के साथ कुछ चटपटा और स्वादिष्ट खाने का मन अक्सर करता है. लेकिन रोज-रोज समोसा, कचौड़ी और नमकीन खाकर अगर आप बोर हो गए हैं, तो इस बार कुछ नया ट्राई कर सकते हैं. गुजराती पुडला एक ऐसी ही डिश है, जिसे आप घर पर आसानी से बना सकते हैं. इसका स्वाद इतना अच्छा होता है कि बच्चे हों या बड़े, सभी इसे पसंद करेंगे.
चने के आटे और कुछ आम मसालों से बनने वाला गुजराती पुडला देखने में चीला या पैनकेक जैसा लगता है. इसमें ताजी सब्जियां और मेथी मिलाकर इसे और भी स्वादिष्ट बनाया जा सकता है. इसे बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता. आप इसे नाश्ते के अलावा हल्के डिनर के तौर पर भी खा सकते हैं. आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी.
गुजराती पुडला बनाने के लिए सामग्री
- चने का आटा – 1 कप
- चावल का आटा – ¼ कप
- दही – 2-3 बड़े चम्मच
- हरी मिर्च-अदरक का पेस्ट – 1 छोटा चम्मच
- हल्दी पाउडर – ¼ छोटा चम्मच
- अजवाइन – ¼ छोटा चम्मच
- हींग – 1 चुटकी
- बारीक कटी सब्जियां – ½ कप (प्याज, टमाटर, शिमला मिर्च, कद्दूकस की हुई लौकी या ताजी मेथी)
- हरा धनिया – ¼ कप
- नमक – स्वादानुसार
- तेल या घी – सेंकने के लिए
- पानी – लगभग ¾ कप
कैसे बनाएं गुजराती पुडला?
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में चने का आटा, चावल का आटा और दही डालें. इन सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें, ताकि गांठें न रहें. अब इसमें हल्दी, अजवाइन, हींग, हरी मिर्च-अदरक का पेस्ट और नमक डाल दें.
धीरे-धीरे पानी मिलाते हुए इसका घोल तैयार करें. ध्यान रखें कि बैटर न तो बहुत पतला हो और न ही ज्यादा गाढ़ा. अब इसमें बारीक कटी सब्जियां और हरा धनिया डालकर अच्छी तरह मिला लें. इस बैटर को करीब 10 मिनट के लिए ढककर रख दें.
इसके बाद एक नॉनस्टिक पैन या तवा गर्म करें और उस पर थोड़ा तेल या घी लगाएं. अब एक बड़ा चम्मच बैटर तवे पर डालकर चीले की तरह गोल आकार में फैला दें. किनारों पर थोड़ा तेल डालें और धीमी से मध्यम आंच पर पकने दें. जब पुडला नीचे से सुनहरा और कुरकुरा होने लगे, तो इसे पलट दें. दूसरी तरफ से भी अच्छी तरह सेंक लें. इसी तरह बाकी बैटर से भी पुडले तैयार कर लें.
चटनी और चाय के साथ करें सर्व
गरमागरम गुजराती पुडला को धनिया-पुदीना की चटनी या टमाटर की चटनी के साथ परोसें. चाय के साथ इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है. आप इसे बच्चों के टिफिन में भी रख सकते हैं. सब्जियों और मसालों से भरपूर यह नाश्ता रोज के खाने में एक अच्छा बदलाव ला सकता है.
यह भी पढ़ें: मटर के पराठे छोड़िए, इस बार ट्राई करें हरी मटर की रोटी, स्वाद में है लाजवाब